खबर शहर , Agra: फाउंड्रीनगर बस अड्डे तक पहुंचना होगा आसान, यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच बढ़ेंगी ई-बसें – INA

आगरा के फाउंड्रीनगर सैटेलाइट बस अड्डे तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ई-बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में शहर से बस अड्डे तक केवल पांच ई-बसें संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि 1 जून से हाथरस और अलीगढ़ मार्ग की बसों का संचालन फाउंड्रीनगर सैटेलाइट बस अड्डे से किया जा रहा है। वर्तमान में यहां से 167 से अधिक रोडवेज बसों का संचालन हो रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर से बस अड्डे तक पांच इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिक सिटी बसों के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।

उन्होंने बताया कि फाउंड्रीनगर बस अड्डे की संचालन व्यवस्था की समीक्षा कर हाथरस-अलीगढ़ मार्ग की सभी बसों को यहीं से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 14 अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। नई व्यवस्था के तहत हाथरस, अतरौली, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर, शामली, हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, बिजनौर, बदायूं और बरेली रूट की बसें फाउंड्रीनगर से मिल रही हैं।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button