खबर शहर , हाई वोल्टेज का झटका: दो दर्जन घरों के फुंके उपकरण, लाखों का नुकसान; ट्रिपिंग से परेशान ग्रामीण – INA

आगरा के कमला नगर डिवीजन के बिचपुरी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कुकथला गांव में मंगलवार रात अचानक तेज बिजली आने से करीब दो दर्जन उपभोक्ताओं के विद्युत उपकरण फूंक गए। इससे उपभोक्ताओं को लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष है।

कुकथला निवासी बॉबी ने बताया कि गांव में करीब पांच माह से बिजली आपूर्ति व्यवस्था खराब है। 24 घंटे में करीब 15 घंटे ही बिजली मिल रही है और लगभग नौ घंटे कटौती रहती है। इसके अलावा दिनभर में कई बार ट्रिपिंग होती है। मंगलवार रात करीब 11 बजे अचानक तेज बिजली आने से जीवन सिंह, श्याम, ताराचंद और विजय समेत करीब दो दर्जन उपभोक्ताओं के फ्रिज, कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण फूंक गए।

किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने विद्युत विभाग से प्रभावित उपभोक्ताओं के नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। अधिशासी अभियंता कमला नगर सचिन गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। उपखंड अधिकारी साइट-सी सिकंदरा से जानकारी ली जा रही है।

आठ घंटे गुल रही बिजली

बिचपुरी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े चौहटना और नगला पातीराम गांव में बुधवार सुबह पांच बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब आठ घंटे बाद दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल हुई। स्थानीय निवासी लाल सिंह चौधरी ने बताया कि दिनभर बिजली नहीं आने से ग्रामीणों को घरेलू कामकाज समेत अन्य जरूरी कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button