खबर शहर , एमएलसी चुनाव मतगणना: दिल्ली जाने वाले ध्यान दें, यमुना एक्सप्रेसवे पर ये व्यवस्था; कल सुबह से रूट डायवर्जन – INA

विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित नवीन गल्ला मंडी में 27 अक्तूबर की सुबह 5 बजे से होगी। इसको देखते हुए हाईवे पर यातायात परिवर्तित किया गया है। भारी वाहनों को परिवर्तित मार्ग से निकाला जाएगा। एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस के कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
डायवर्जन के मुताबिक मथुरा की ओर से फिरोजाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहन (ट्रक, ट्रेलर, डीसीएम और कैंटर) मथुरा स्थित उत्तरी बाईपास से यमुना एक्सप्रेसवे, खंदौली होकर निकाले जाएंगे। साथ ही वाहन रामबाग चौराहा से टेढ़ी बगिया, मुड़ी चौराहे से एत्मादपुर होकर जा सकेंगे।
फिरोजाबाद से मथुरा की तरफ कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे होकर जा सकेंगे।
अलीगढ़/जलेसर (एटा) की तरफ से आने वाले भारी वाहन जिन्हें फिरोजाबाद जाना है, वे खंदौली चौराहे से मुड़ी चौराहा होकर एत्मादपुर से, जिन्हें मथुरा की ओर जाना है, वह खंदौली से यमुना एक्सप्रेसवे, उत्तरी बाईपास होकर जा सकेंगे।
फिरोजाबाद से शहर में आने वाले हल्के वाहन बजरंग पेट्रोल पंप से नुनिहाई तिराहे से एत्माद्दौला तिराहे से होकर जा सकेंगे।
शहर से फिरोजाबाद की तरफ जाने वाले हल्के वाहन रामबाग चौराहा से एत्माद्दौला तिराहा, नुनिहाई, शहादरा चुंगी, बजरंग पेट्रोल पंप से जा सकेंगे।
रागबाग चौराहा से बजरंग पेट्रोल पंप के मध्य एनएच-19 पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन मतगणना कार्य संपन्न होने तक नवीन गल्ला मंडी समिति में प्रतिबंधित रहेगा।
झरना नाला/ शाहदरा चुंगी बैरियर पर फिरोजाबाद की ओर से आने वाले और सुधा नर्सरी के सामने बैरियर पर शहर की तरफ से आने वाले मतगणना ड्यूटी में लगे कर्मी, मीडिया कर्मी, पुलिस कर्मी, मतगणना अभिकर्ता व प्रत्याशी नवीन गल्ला मंडी परिसर की ओर जाने के लिए अधिकृत पास/परिचय पत्र दिखाकर प्रवेश कर सकेंगे। किसी अन्य व्यक्ति/वाहन का प्रवेश नहीं होगा।
किसी तरह की यातायात संबंधी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क किया जा सकता है।