खबर शहर , UP: तेज धूप आंखों के लिए खतरनाक, डॉक्टरों की इस चेतावनी हल्के में न लें; जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी – INA

गर्मी और तेज धूप का असर अब लोगों की आंखों पर भी पड़ने लगा है। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आंखों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

बड़ी संख्या में ऐसे मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिन्हें आंखों में जलन, लालिमा, खुजली, पानी आने और सूखेपन की शिकायत है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म हवाएं, धूल और अल्ट्रावायलेट किरणें आंखों को प्रभावित कर रही हैं। दिनभर धूप में रहने वाले लोगों में यह परेशानी अधिक देखने को मिल रही है। कई मरीज आंखों में चुभन और धुंधलेपन की शिकायत लेकर भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। रोजाना लगभग 50 से 60 मरीज ऐसे आ रहे हैं।

डॉ. ऋषि पाठक ने बताया कि गर्मी के मौसम में आंखों की नमी कम होने लगती है, जिससे ड्राई आई की समस्या बढ़ जाती है। इसके अलावा धूल और प्रदूषण से भी समस्या होती है। लोग अक्सर आंखों में जलन या लालिमा होने पर मेडिकल स्टोर से मनमर्जी की आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं, जो नुकसानदायक साबित हो सकती है।

उन्होंने सलाह दी है कि बाहर जाते समय अच्छी गुणवत्ता वाला चश्मा पहनना चाहिए। सिर को ढकने के लिए टोपी या छाते का प्रयोग करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से आंखों का सूखापन कम होता है। आंखों में लगातार दर्द, सूजन, धुंधलापन या रोशनी से परेशानी महसूस होने पर तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button