खबर शहर , UP: टेंट व्यवसायी की एआई से बनाई ऐसी तस्वीर, जिसे देख वो डर गया; इसलिए फंदे पर लटक दे दी जान – INA

आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के नगला फकीरचंद में 26 मार्च की रात टेंट व्यवसायी का शव छत पर बनी कोठरी में फंदे से लटका मिला था। मृतक की पत्नी ने पड़ोस में रहने वाले दंपती पर ब्लैकमेलिंग, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। न्यायालय के आदेश पर थाना शाहगंज में आरोपियों पर आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


पीड़िता विमलेश ने बताया कि 26 मार्च की रात करीब 9:30 बजे आरोपी नीरज ने ईदगाह चौराहे पर पति नवल किशोर को रोक लिया। मोबाइल में एआई से बनी आपत्तिजनक फोटो दिखाकर एक लाख रुपये की मांग की। पति ने फोटो को फर्जी बताते हुए रुपये देने से मना कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की।

रात करीब 10:30 बजे नीरज अपनी पत्नी पिंकी के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और दोनों ने मिलकर फोटो वायरल करने, अश्लीलता के मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों से आहत होकर पति ने रात में घर की छत पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं। कई बार पुलिस में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी शाहगंज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button