खबर शहर , UP: आयुर्वेद-होम्योपैथी से इलाज, प्राकृतिक चिकित्सा से रहेंगे स्वस्थ; आगरा में बनेगा आयुष सुपर सेंटर – INA

इंस्टीट्यूट ऑफ आयुष मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इसका बजट जल्द मंजूर होने की उम्मीद है। इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग कराएगा। इसमें मरीजों को आयुर्वेद, होम्योपैथिक, यूनानी चिकित्सा से निशुल्क इलाज मिलेगा। प्राकृतिक चिकित्सा-योग से लोगों को निरोगी बनाने का काम भी होगा।
किरावली के अकबरा गांव में आयुष मेडिकल कॉलेज के लिए 5.48 हेक्टेयर जमीन आवंटित हो गई है। इसमें जरूरत पड़ने पर और जमीन आवंटित की जाएगी। प्रदेश ने पांच जिलों में आयुष मेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसमें आगरा के अलावा, गोंडा, मेरठ, मिर्जापुर और बस्ती में आयुष मेडिकल कॉलेज बनेंगे। इनमें बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस, बीएनवाईएस पाठ्यक्रम के लिए 400 सीटें होंगी।
सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम भी संचालित होंगे। इन पैथी से इलाज के लिए 100-100 बेड के अस्पताल भी होंगे। इनमें पेट रोग, हृदय रोग, कैंसर रोग, त्वचा रोग, बाल रोग, हड्डी रोग समेत सभी तरह के मर्ज का आयुर्वेद-होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धति से इलाज होगा। प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र भी बनेगा, जिसमें योगशाला भी होगी। इससे लोगों निरोगी रह सकेंगे।
क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. एमएस आलम ने बताया कि आयुष मेडिकल कॉलेज के लिए प्रशासन से जमीन आवंटित हो गई है। प्रस्ताव भेज दिया है। इसके खुलने से छात्र कई पैथी में पढ़ाई कर सकेंगे। निशुल्क इलाज की भी सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि टीम ने सर्वे कर लिया है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।