खबर शहर , हुनर का जलवा: स्कूल कनेक्ट के सेमीफाइनल में 400 युवाओं ने दिखाया दम, 9 सितंबर को ग्रैंड फिनाले – INA

अमर उजाला और उत्तम इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्तम स्कूल कनेक्ट 2026 के सेमीफाइनल में सैकड़ों प्रतिभागियों ने अपने हुनर का जलवा बिखेरा। बृहस्पतिवार को सूरसदन सभागार में संपन्न हुए कार्यक्रम में 40 विद्यालयों से आए 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग विधाओं का प्रदर्शन किया।
सभागार में आयोजित इस सांस्कृतिक महासंग्राम में विद्यार्थियों ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, गायन और स्टैंड-अप कॉमेडी जैसी कई विधाओं में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। युवाओं की ऊर्जा, आत्मविश्वास और मंच प्रदर्शन ने निर्णायकों के साथ-साथ उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तम इंस्टीट्यूट के चेयरमैन संजीव कुमार सिंह, को-चेयरमैन सुबोध कुमार और धीरज सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संजीव कुमार सिंह ने कहा कि उत्तम स्कूल कनेक्ट का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को पहचान दिलाना और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।
डांस प्रतियोगिता में दीपक शर्मा, धीरज, प्रीति सिंह और सुजल गोयल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। गायकी को केके सूफी, पंकज, दीपक जैन, भीम शिरोमणि और संस्कृति शर्मा ने परखा। वहीं ओपन ऑडिशन में दीपक जैन, आकाश और सुजल ने विजेताओं को अगले राउंड के लिए चयनित किया। संचालन अभिनव ने संभाला।
9 सितंबर को होगा ग्रैंड फिनाले
सेमीफाइनल में चयनित छात्र-छात्राओं को शनिवार को टेलीफोन के माध्यम से सूचित किया जाएगा। आगामी 9 सितंबर को आयोजित होने वाले उत्तम स्कूल कनेक्ट 2026 के ग्रैंड फिनाले में विजेताओं सम्मानित किया जाएगा। गायक अमित मिश्रा की उपस्थिति एवं विशेष प्रस्तुति फिनाले का मुख्य आकर्षण रहेगी।