खबर शहर , आगरा में जलसंकट: बूंद-बूंद पानी को तरसे पांच लाख लोग, आज भी रहेगी किल्लत; जानें कब से मिलेगी लोगों को राहत – INA

आगरा में मेट्रो कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यमुनापार के करीब पांच लाख लोग सोमवार को पानी के लिए तरसे। रविवार को रामबाग चौराहे पर यूपीएमआरसी की ओर से पिलर की पाइलिंग के दौरान की गई खुदाई में पानी की 750 मिमी. व्यास की मुख्य पाइपलाइन टूट गई थी। सोमवार को मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया। इससे मंगलवार को भी सुबह-शाम पानी का संकट बना रहेगा। बुधवार को ही पानी पहुंचने के आसार हैं।
पिलर की पाइलिंग की खुदाई में जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से जुड़ी पानी की मुख्य पाइपलाइन टूटने से पूरे यमुनापार में जल संकट गहरा गया। सावन के दूसरे सोमवार को व्रत रखने वालों की मुश्किल इससे बढ़ गईं। श्रद्धालु शिवालयों की परिक्रमा कर घर लौटे तो उन्हें पानी नहीं मिला।
व्रत में नहाने, पूजन और भोलेनाथ के अभिषेक के लिए भी लोगों को सबमर्सिबल वाले पड़ोसियों के घर से पानी भरने जाना पड़ा। जलकल विभाग ने टैंकर भेजे लेकिन वे नाकाफी रहे।महावीर नगर निवासी योगेश पाराशर ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को व्रत रखा था लेकिन पानी नहीं मिला। नहाने, पूजन के लिए 200 मीटर दूर पड़ोसी के सबमर्सिबल से पानी लाना पड़ा।