बरेली जिले में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बारिश का दौर जारी है। सोमवार रात शाही थाना क्षेत्र के औरंगाबाद गांव में एक मकान ढह गया, जिससे परिवार के चार लोग घायल हो गए। हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। बारिश के कारण आंवला क्षेत्र के रामनगर में ब्लॉक कार्यालय और स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी जलभराव हो गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
सोमवार रात हुई तेज बारिश के कारण औरंगाबाद गांव में प्रेमवती का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय प्रेमवती (50), उनका बेटा सुमित (16) और बेटियां संध्या (18) व मीरा (20) मलबे में दब गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मलबे में दबे चारों लोगों को बाहर निकाला। प्रेमवती ने बताया कि उनके पति सोहनलाल रात की ड्यूटी पर बिलासपुर स्थित बोतल फैक्टरी गए हुए थे।
मकान ढहने से हुआ काफी नुकसान
मकान के मलबे में एक गाय, भैंस, मोटरसाइकिल और घर का पूरा सामान दब गया, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ है। इस हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है। राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद मुआवजे के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।