Sports- एशियन गेम्स: अपने ही वीडियो से हौसला ले रहीं मीराबाई, जानें एशियाड को लेकर क्या कहा -#INA

एक समय था जब मीराबाई चानू अपनी पसंदीदा वेटलिफ्टर ओलंपिक और विश्व चैंपियन कुओ हसिंग चुन के वीडियो देखकर अपने अंदर कुछ कर गुजरने का जज्बा भरती थीं, लेकिन एशियाड में पहले पदक के लिए मीरा खुद के वीडियो देखकर लोहा लेने जा रही हैं।

इस वर्ष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 205 किलो का प्रदर्शन और विश्व चैंपियनशिप में जीते गए रजत के वीडियो मीरा के अंदर एशियाड में पदक जीतने का जज्बा भर रहे हैं। मीरा का यह तीसरा एशियाड है। उनकी झोली में ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, राष्ट्रमंडल खेल के पदक हैं, लेकिन एशियाड पदक उनकी पहुंच से दूर रहा है। मीरा अमर उजाला से कहती हैं कि सब ठीक रहा तो बुधवार को उनका सपना पूरा हो जाएगा। कोच विजय शर्मा ने ऐसी रणनीति बनाई है कि मीरा को पदक के लिए ऑलआउट जाना पड़े तो वह इससे पीछे नहीं हटेंगी। विजय कहते हैं कि उनका पहला लक्ष्य पदक को पक्का करना होगा।

तीन लिफ्टरों से मिलेगी टक्कर

मीरा के 49 किलो भार वर्ग में इस बार कोई चीनी लिफ्टर नहीं है। लेकिन कुल आठ में से मीरा समेत चार लिफ्टर 200 किलो के वजन को छू चुकी हैं। उत्तर कोरिया की री सोंग गुम, ताईवान की फेंग वांग लिंग सी, इंडोनेशिया की विजयाना 200 किलो उठा चुकी हैं। विजय बोले, मुकाबला आसान नहीं होगा। 

लक्ष्य है छह लिफ्ट पास करना

विजय बताते हैं कि विश्व चैंपियनशिप के बाद पहला ऐसा मौका है जब मीरा को चोट की शिकायत नहीं है। जिसके चलते वह स्नैच में शुरुआत तो सुरक्षित करेंगे, फिर ऑलआउट जाएंगे। वह देखेंगे कि विजयाना और फेंग स्नैच में कितने से शुरूआत करती हैं। तभी मीरा को वजन देंगे। लक्ष्य 6 लिफ्ट पास करना है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button