Technology, इंस्टाग्राम ला रहा है 90 मिनट वीडियो और सीरीज फीचर: रील्स से देख सकेंगे पूरा कंटेंट, क्या है कंपनी का प्लान? – Instagram Tests 90-minute Horizontal Videos, Series Feature Rival Long-form Platforms — INA

सार
इंस्टाग्राम ने अपने प्लेटफॉर्म पर यूजर्स के एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने के लिए कई शानदार फीचर्स की टेस्टिंग शुरू कर दी है। इसके तहत अब कुछ चुनिंदा यूजर्स के साथ 90 मिनट तक लंबे हॉरिजॉन्टल (लैंडस्केप) वीडियो का टेस्ट किया जा रहा है, जिससे पॉडकास्टर्स और कॉमेडियन जैसे लॉन्ग-फॉर्म कंटेंट मेकर्स को सीधा फायदा मिल सकेगा।
इंस्टाग्राम अब सिर्फ छोटे वीडियो और रील्स तक सीमित नहीं रहना चाहता। प्लेटफॉर्म पर लंबे वीडियो देखने और एपिसोड के रूप में कंटेंट पेश करने के विकल्प भी तैयार करने की कोशिश है। कंपनी ने अमेरिका के चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल वीडियो का टेस्ट शुरू किया है। इसके अलावा, फीचर्स नाम की सुविधा के जरिए छोटी रील से पूरा वीडियो देखने का विकल्प मिलेगा। इंस्टाग्राम एक अलग सीरीज फीचर भी आजमा रहा है, जिसमें एपिसोडिक रील्स को क्रिएटर की प्रोफाइल पर अलग जगह मिलेगी। साथ ही, लाइव वीडियो को रील्स टैब में दिखाने की भी तैयारी है।
इंस्टाग्राम पर 90 मिनट के वीडियो कैसे काम करेंगे?
- इंस्टाग्राम ने कई नई सुविधाओं की टेस्टिंग शुरू की। इनमें 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल यानी लैंडस्केप वीडियो शामिल हैं। इनका खास फोकस पॉडकास्टर्स, कॉमेडियन और लंबे वीडियो बनाने वाले दूसरे क्रिएटर्स पर है। फिलहाल यह टेस्ट अमेरिका के चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ चल रहा है।
- इस पहल के तहत इंस्टाग्राम फीचर्स नाम की सुविधा भी आजमा रहा है। इसके जरिए क्रिएटर्स अपनी छोटी रील्स को पूरे वीडियो से लिंक कर सकेंगे। आमतौर पर ये छोटी क्लिप तीन मिनट या उससे कम की होती हैं। यूजर ऐसी रील देखने के बाद लिंक पर क्लिक करके उससे जुड़ा पूरा वीडियो देख सकेगा।