Technology, Safety Tips: एसी की तरह Wi-Fi Router भी हो सकता है ब्लास्ट? सुरक्षित रहने के लिए भूलकर भी न करें ये गलतियां — INA

: लगातार निर्बाध इंटरनेट….हमारे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। सुबह जगने से लेकर रात को सोने तक हमें इंटरनेट चाहिए होता है। इसलिए हम अपने घर का वाई-फाई राउटर 24 घंट ऑन रखते हैं। लेकिन लगातार एसी ब्लास्ट की खबरों के बाद लोग सोचने पर मजबूर हो गए हैं कि यह भी आग में तब्दील हो सकता है?
क्या Wi-Fi Router भी फट सकता है?
हालांकि यह काफी सुरक्षित डिवाइस माना जाता है। इसमें एयर कंडीशनर की तरह भारी कंप्रेसर या हाई-पावर सिस्टम नहीं होता, इसलिए बड़े ब्लास्ट की संभावना लगभग न के बराबर होती है, लेकिन अगर डिवाइस लंबे समय तक गर्म हो जाए, बिजली सप्लाई में समस्या हो या कम क्वालिटी के पार्ट्स इस्तेमाल किए जाएं, तो इसमें आग लगने या इलेक्ट्रॉनिक फेलियर का खतरा बढ़ सकता है।
Router के अंदर क्या होता है?
- Wi-Fi Router के अंदर कई इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, प्रोसेसर, नेटवर्क चिप्स और एक पावर एडॉप्टर लगे हाेते हैं। लगातार बिजली मिलने और लंबे समय तक संचालन की वजह से ये सभी हिस्से गर्मी पैदा करते हैं।
- आमतौर पर राउटर का डिजाइन इस गर्मी को संभालने के लिए बनाया जाता है, लेकिन अगर वेंटिलेशन सही न हो तो समस्या शुरू हो सकती है। जो बाद में बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ओवरहीटिंग क्यों बनती है सबसे बड़ी वजह?
- एक्सपर्ट्स का कहना है कि राउटर से जुड़ी ज्यादातर समस्याओं की जड़ ओवरहीटिंग होती है। कई लोग राउटर को टीवी के पीछे, बंद अलमारी, दीवार के कोने में या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ऊपर रख देते हैं। इससे गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती और डिवाइस का तापमान लगातार बढ़ने लगता है।
- अगर Router छूने पर असामान्य रूप से ज्यादा गर्म लगे, इंटरनेट बार-बार डिस्कनेक्ट होने लगे या उसमें से जलने जैसी गंध आने लगे, तो इसे चेतावनी संकेत माना जाना चाहिए।
सस्ता एडॉप्टर पड़ न जाए महंगा?
कई बार असली पावर एडॉप्टर खराब होने पर लोग लोकल या कम क्वालिटी वाले एडॉप्टर इस्तेमाल करने लगते हैं। गलत वोल्टेज या खराब गुणवत्ता वाला एडॉप्टर शॉर्ट सर्किट और ओवरहीटिंग का कारण बन सकता है।
टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट कहते हैं कि हमेशा कंपनी की ओर से दिए गए ओरिजिनल पावर एडॉप्टर और केबल का ही इस्तेमाल करें। अगर केबल कट गई हो, ढीली हो या एडॉप्टर गर्म हो रहा हो तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए।
किन संकेतों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें?
अगर आपके राउटर में ये संकेत दिखाई देते हैं, तो तुरंत जांच करवाएं…
- राउटर का अत्यधिक गर्म होना।
- जलने जैसी गंध आना।
- बार-बार इंटरनेट डिस्कनेक्ट होना।
- पावर एडॉप्टर का बहुत ज्यादा गर्म होना।
- Router से धुआं निकलना।
- LED लाइट्स का असामान्य जलना।
- ये संकेत किसी बड़ी तकनीकी खराबी की ओर इशारा कर सकते हैं।
Router को सुरक्षित रखने के आसान तरीके
अगर आप चाहते हैं कि आपका इंटरनेट भी चलता रहे और घर भी सुरक्षित रहे, तो आज ही से इन बातों को अपनाएं…
- खुली जगह पर रखें: हमेशा राउटर को किसी खुली, सूखी और हवादार जगह पर इंस्टॉल करें ताकि वेंटिलेशन बना रहे।
- वजन न डालें: राउटर के ऊपर या उसके बेहद करीब कोई भी भारी वस्तु या दूसरी चीजें रखने की भूल न करें।
- सर्ज प्रोटेक्टर का उपयोग: बिजली के अचानक होने वाले उतार-चढ़ाव से डिवाइस को बचाने के लिए इसे हमेशा सर्ज प्रोटेक्टर से जोड़कर रखें।
- धूल-मिट्टी से बचाएं: राउटर के छोटे-छोटे छेदों में धूल जमने से वेंटिलेशन ब्लॉक हो जाता है, इसलिए समय-समय पर इसकी सूखे कपड़े से सफाई करते रहें।
- पुराने डिवाइस को बदलें: अगर आपका राउटर बहुत ज्यादा पुराना हो चुका है या उसका एडॉप्टर डैमेज है, तो रिस्क न लें और उसे तुरंत नए मॉडल से रिप्लेस करें।
- बाहर जाते वक्त करें बंद: अगर आप छुट्टियों पर या किसी काम से लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहे हैं, तो सुरक्षा के लिहाज से राउटर का मुख्य पावर स्विच बंद करके जाएं।