Technology, सॉफ्टवेयर कंपनियों के बिजनेस पर खतरा: Ai से मुफ्त में बन रहे प्रीमियम टूल, क्या बदल जाएगा इंटरनेट का भविष्य? – Ai Powered Reverse Engineering Is Making Expensive Software Free Will This Change The Internet Forever — INA

सार

AI टूल्स की मदद से महंगे सॉफ्टवेयर के मुफ्त क्लोन बनाने का नया दौर शुरू हो गया है, जो सॉफ्टवेयर कंपनियों की कमाई के पुराने तरीकों को चुनौती दे रहा है। ये कैसे हो रहा है और क्या सच में इंटरनेट का भविष्य बदलने वाला है आइए जानते हैं।

आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई हमारी जिंदगी का एक ऐसा हिस्सा बन चुका है, जिसके बारे में कुछ साल पहले तक सिर्फ कल्पना की जा सकती थी। ChatGPT और Claude जैसे जेनरेटिव AI टूल्स की शुरुआत मुख्य रूप से कोडिंग यानी कंप्यूटर प्रोग्रामिंग के लिए सॉर्स कोड लिखने से हुई थी। चूंकि कोडिंग एक तय ढांचे और नियमों पर काम करती है, इसलिए AI के लिए इसे समझना और तैयार करना काफी आसान रहा है। लेकिन अब मामला इससे भी एक कदम . निकल चुका है, जो पूरी सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री की नींव हिला सकता है।

दरअसल, हाल ही में एक चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आया है, जहां डेवलपर्स AI टूल्स की मदद से माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस और एडोब फोटोशॉप जैसे महंगे और प्रीमियम सॉफ्टवेयर के मुफ्त विकल्प यानी फ्री वर्जन तैयार कर रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया को तकनीकी भाषा में ‘रिवर्स इंजीनियरिंग’ कहा जाता है। इसमें होता यह है कि AI की मदद से किसी बड़े और जटिल सॉफ्टवेयर को उसके छोटे-छोटे हिस्सों में तोड़ा जाता है और फिर उसकी नकल करते हुए वैसा ही नया कोड तैयार कर लिया जाता है। इन दिनों कोडिंग कम्युनिटी में ‘Reverse Engineer Anything’ नाम का एक फ्री AI टूल भी काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

90 के दशक का ‘फ्री इंटरनेट’ दौर

इस पूरी घटना को समझने के लिए हमें थोड़ा पीछे, यानी 90 के दशक के इंटरनेट के शुरुआती दौर में जाना होगा। उस समय का इंटरनेट आज के मुकाबले बिल्कुल अलग और एक अनोखी दुनिया था। तब इंटरनेट पर असीम संभावनाएं थीं, लेकिन किसी को यह नहीं पता था कि इससे पैसे कैसे कमाए जाएं। लोग घंटों चैट रूम्स पर अजनबी लोगों से अपने शौक की बातें करते थे और अपनी मर्जी से साधारण सी वेबसाइट्स बनाकर जानकारी शेयर करते थे।

उस दौर में ज्यादातर सॉफ्टवेयर या तो पूरी तरह मुफ्त होते थे या फिर ‘ओपन-सोर्स’ हुआ करते थे। इसका मतलब यह था कि अगर कोई सॉफ्टवेयर आपकी जरूरत के हिसाब से काम नहीं कर रहा है, तो आप उसका सॉर्स कोड डाउनलोड करके उसमें अपनी पसंद के बदलाव कर सकते थे। उस समय गूगल का कोई अता-पता नहीं था, जबकि माइक्रोसॉफ्ट बाजार में आ चुका था और वह पेड यानी खरीदने वाले सॉफ्टवेयर का सबसे बड़ा प्रमोटर बन गया था।

बिग टेक की हुई एंट्री

साल 1998 के आखिर में अमेरिका में ‘डिजिटल मिलेनियम कॉपीराइट एक्ट’ यानी DMCA आया, जिसने पेड सॉफ्टवेयर कंपनियों को कानूनी सुरक्षा दे दी। इस कानून के बाद सॉफ्टवेयर के डिजिटल ताले तोड़ना और उनमें छेड़छाड़ करना गैरकानूनी घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही इंटरनेट आम लोगों के बीच लोकप्रिय होता गया और ‘बिग टेक’ कंपनियों जैसे माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, अमेजन, एप्पल और फेसबुक का राज शुरू हो गया। इसके बाद आम यूजर के लिए सॉफ्टवेयर के अंदरूनी कोड तक पहुंचना लगभग नामुमकिन और गैरकानूनी हो गया।

क्या सच में लौटने वाला है पुराना गोल्डन टाइम?

अब जबकि AI की मदद से सॉफ्टवेयर की रिवर्स इंजीनियरिंग आसान हो गई है, तो कुछ लोग इसे इंटरनेट के पुराने दिनों की वापसी मान रहे हैं, जहां सब कुछ फ्री हुआ करता था। तकनीकी जानकारों का मानना है कि इस तकनीक के आने से हर यूजर अपनी पसंद के मुताबिक किसी भी सॉफ्टवेयर में बदलाव कर सकेगा। उदाहरण के लिए, अगर आपको एक्सेल में कोई खास फीचर चाहिए, तो आप AI की मदद से उसे खुद के लिए बना सकते हैं। हालांकि, यह सिक्का जितना चमकता हुआ दिख रहा है, उसकी दूसरी साइड उतनी आसान नहीं है। इस नई व्यवस्था के सामने कई बड़ी व्यावहारिक और तकनीकी चुनौतियां खड़ी हैं।

  • अजीबोगरीब बग्स:AI द्वारा तैयार किए गए कोड में अक्सर ऐसे छुपे हुए बग्स और तकनीकी खामियां रह जाती हैं, जिन्हें ढूंढना और ठीक करना इंसानों के लिए बेहद सिरदर्द भरा काम साबित हो सकता है।
  • फाइल कंपैटिबिलिटी की समस्या:अगर हर इंसान अपने हिसाब से AI की मदद से वर्ड या एक्सेल का अलग वर्जन इस्तेमाल करेगा, तो फाइलों का आदान-प्रदान मुश्किल हो जाएगा। हो सकता है कि आपके द्वारा बनाई गई फाइल किसी दूसरे व्यक्ति के सिस्टम पर ओपन ही न हो।
  • डेटा और एआई का असली खेल:आज के दौर में सिर्फ सॉफ्टवेयर होना काफी नहीं है, डेटा असली ताकत है। मान लीजिए आपने AI की मदद से फोटोशॉप जैसा दिखने वाला सॉफ्टवेयर बना भी लिया, तो भी आपके पास एडोब के वे प्रोप्राइटरी AI टूल्स और क्लाउड डेटा नहीं होंगे जो असली सॉफ्टवेयर को ताकत देते हैं। यही बात फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लागू होती है।

. क्या होगा?

क्या यह रिवर्स इंजीनियरिंग का नया दौर हमें इंटरनेट के पुराने, खुले दिनों में वापस ले जा पाएगा? इसका सीधा जवाब ‘शायद नहीं’ है। हालांकि, यह जरूर तय है कि इसने सॉफ्टवेयर कंपनियों के पैसे कमाने के पुराने तरीकों और बिजनेस मॉडल को संकट में डाल दिया है। आने वाले समय में यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि टेक कंपनियां इस चुनौती से कैसे निपटती हैं और क्या इससे उपभोक्ताओं और सॉफ्टवेयर बनाने वालों के बीच ताकत का संतुलन थोड़ा बहुत भी बदल पाता है या नहीं।

Source link

Back to top button