WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए ग्रुप चैटिंग को और ज्यादा सुविधाजनक बनाने वाले कई नए फीचर्स पेश किए हैं। कंपनी का कहना है कि इन अपडेट्स का मकसद ग्रुप में होने वाली बातचीत को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करना, फैसले जल्दी लेना और जरूरी जानकारी सभी सदस्यों तक आसानी से पहुंचाना है। नए अपडेट के तहत Polls में अतिरिक्त कंट्रोल, @all Mention और मौजूदा ग्रुप से एक क्लिक में नया ग्रुप बनाने जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं। इन फीचर्स को दुनियाभर के यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।
Polls में मिले नए कंट्रोल
- WhatsApp ने अपने Polls फीचर को पहले से ज्यादा उपयोगी बना दिया है। अब यूजर्स किसी भी पोल के लिए समय सीमा (End Time) तय कर सकेंगे। तय समय पूरा होने पर वोटिंग अपने आप बंद हो जाएगी। यह सुविधा मीटिंग, इवेंट या किसी समय-सीमा वाले फैसले के लिए काफी काम आएगी।
- इसके अलावा अब पोल में वोट डालने वाले लोगों के नाम छिपाने का विकल्प भी मिलेगा। यानी प्रतिभागी अपनी पसंद जाहिर किए बिना मतदान कर सकेंगे। वहीं, अगर पोल पोस्ट करने के बाद सवाल में कोई गलती रह जाती है या उसे स्पष्ट करना हो, तो पोल बनाने वाला व्यक्ति 15 मिनट के भीतर प्रश्न को एडिट भी कर सकेगा। इससे नया पोल बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह भी पढ़ें: WhatsApp Plus: व्हाट्सएप पर अब 3 नहीं, 20 चैट्स कर सकेंगे पिन; जानिए कैसे मिलेगा नया फीचर
अब @all से एक साथ सभी तक पहुंचेगा मैसेज
- WhatsApp ने ग्रुप चैट में @all Mention फीचर भी जोड़ा है। इसकी मदद से यूजर केवल @all टाइप करके पूरे ग्रुप के सभी सदस्यों को एक साथ नोटिफिकेशन भेज सकता है। इससे किसी महत्वपूर्ण घोषणा या जरूरी सूचना के लिए हर सदस्य को अलग-अलग टैग करने की जरूरत नहीं होगी।
- हालांकि, जिन ग्रुप्स में 32 से अधिक सदस्य हैं, वहां यह सुविधा केवल ग्रुप एडमिन के लिए उपलब्ध रहेगी। अगर कोई यूजर ऐसे नोटिफिकेशन नहीं पाना चाहता, तो वह ऐप की Notification Settings में जाकर @all नोटिफिकेशन को म्यूट भी कर सकता है।
मौजूदा ग्रुप से एक क्लिक में बनाएं नया ग्रुप
- कंपनी ने ग्रुप मैनेजमेंट को आसान बनाने के लिए एक और नया फीचर जोड़ा है। अब किसी मौजूदा ग्रुप के सदस्यों के साथ सिर्फ एक स्टेप में नया ग्रुप बनाया जा सकेगा। इसके लिए सभी मेंबर्स को दोबारा एक-एक करके जोड़ने की जरूरत नहीं होगी।
- WhatsApp के मुताबिक, यह फीचर उन परिस्थितियों में बेहद उपयोगी होगा, जब किसी खास विषय पर अलग से चर्चा करनी हो, किसी कार्यक्रम की योजना बनानी हो या किसी विशेष गतिविधि के लिए अलग ग्रुप तैयार करना हो, ताकि मुख्य ग्रुप की बातचीत प्रभावित न हो।
यह भी पढ़ें: Apple Maps, Google Maps या Waze: लंबी ड्राइव पर कौन-सा नेविगेशन एप बनेगा आपका सबसे भरोसेमंद साथी
लगातार बेहतर हो रहा है WhatsApp
यह नया अपडेट WhatsApp के पहले से मौजूद कई ग्रुप फीचर्स का विस्तार है। इससे पहले कंपनी Group Message History, Member Tags और Event Reminders जैसी सुविधाएं भी जोड़ चुकी है। WhatsApp का कहना है कि वह अपने 3 अरब से अधिक वैश्विक यूजर्स के लिए ग्रुप कम्युनिकेशन और सहयोग से जुड़े फीचर्स को लगातार बेहतर बना रही है।