यूपी – आगरा न्यूज: सीएमओ कार्यालय पर जड़ा ताला,  एनएचएम संविदा कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन; जमकर हुई नारेबाजी – INA

आगरा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर हंगामा किया। शनिवार को कार्यालय पर ताला लगा दिए जाने के बाद कर्मचारी सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर गेट खुलवाया और कर्मचारियों को अंदर धरना देने की अनुमति दी।

संघ के जिला अध्यक्ष देवी सिंह कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने सीएमओ और डीएम को तीन दिन के लिए धरना देने की पूर्व सूचना दी थी। इसके बावजूद शनिवार को कार्यालय पर ताला लगा दिया गया। काफी मांग करने के बाद भी जब ताला नहीं खोला गया तो कर्मचारी सड़क पर बैठ गए।

महामंत्री दामोदर सिंह प्रजापति ने कहा कि स्थाई और नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। आगरा में तीन दिन धरना देने के बाद 11 अक्टूबर से लखनऊ में प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में अमित सिंह, डॉ. कपिल यादव, इंद्रपाल सिंह, रामकृष्ण त्यागी, रविकांत तिवारी, रूबी बघेल, रीना तोमर, ललित सिंह, डॉ. मंजू सागर और स्वदेश मिश्रा सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने नारेबाजी कर शासन से मांगें पूरी करने की अपील की।


Credit By Amar Ujala

Back to top button