यूपी – बरेली: मुकदमा वापस न लेने पर फैक्टरी कर्मचारी को मारी थी गोली, चार दिन बाद मौत – INA

बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में चार दिन पहले गोली लगने से घायल प्लाईवुड फैक्टरी कर्मी संतोष कुमार साहू (37 वर्ष) की मंगलवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि एक साल पहले दर्ज मुकदमे में समझौता करने से इन्कार करने पर उन्हें गोली मारी गई थी। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। अब दर्ज मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम किया जाएगा।
संतोष कुमार साहू परसाखेड़ा स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में काम करते थे। शुक्रवार रात करीब दस बजे वह गांव निवासी रामचंद्र के बेटे के मंडप की दावत खाकर घर लौट रहे थे। दुर्गा माता मंदिर के पास पहुंचते ही वहां पहले से घात लगाए बैठे गांव के ललित कुमार ने उन पर तमंचे से दो गोलियां चलाईं।
एक गोली संतोष के सिर में आंख के पास लगी, जबकि दूसरी छूकर निकल गई। फायरिंग में वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने और चीखपुकार की आवाज सुनकर गांव के पप्पू मौके पर पहुंचे। उन्होंने संतोष के परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां मंगलवार सुबह मौत हो गई।