यूपी – Kanpur: ज्वैलर्स की दुकान से 60 लाख की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, आभूषण व दो लाख नकद बरामद – INA

करीब 11 दिन पहले विजयनगर के सर्राफ देवेंद्र नाथ वर्मा की दुकान से 60 लाख की चोरी का बुधवार को काकादेव पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में चोर दंपती अकबरपुर निवासी विकास उर्फ अद्दू व उसकी पत्नी चारु समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने खुलासे के लिए करीब 300 सीसीटीवी कैमरे चेक किए तब जाकर एक में चोर नजर आया। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि दंपती के अलावा सोना खरीदने वाले दो सर्राफ भी पकड़े गए हैं।
चारों के पास से चोरी गए पूरे गहने और दो लाख नकद बरामद किए गए। बता दें कि 11 जुलाई को सर्राफ देवेंद्र नाथ वर्मा ने काकादेव पुलिस को बताया था कि एक व्यक्ति उनकी दुकान पर लगातार तीन चार दिन से पत्नी के साथ आ रहा था। वही उनकी दुकान से जेवर और नकदी से भरा बैग लेकर चंपत हो गया। बैग में 60 लाख के गहने और नकदी थे। शुरुआत में तो पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही थी। फिर भी आसपास के करीब 300 कैमरे खंगाले गए। इनमें से एक कैमरे में चोर नजर आए।