यूपी – Kanwar Yatra 2026: कंट्रोल रूम से जुड़े नौ जिलों के 4700 कैमरे, एआई से होगी निगरानी, चप्पे-चप्पे पर नजर – INA

मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने बृहस्पतिवार को बरेली के सर्किट हाउस में बरेली-मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। डीजीपी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से पल-पल की निगरानी की जाएगी। शासन की प्राथमिकताएं गिनाते हुए अफसरों से तकनीक के इस्तेमाल से कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न बनाने का आह्वान किया। बरेली में स्थापित नौ जिलों के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में 4700 सीसी कैमरों का एक्सेस रहेगा। 

बैठक में सभी नौ जिलों के डीएम और पुलिस कप्तान ने अपनी तैयारियों की प्रस्तुति दी। मुख्य सचिव ने कहा कि माहभर जहां कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन रहेगा, वहीं गंगा एक्सप्रेसवे पर लोग निर्बाध आवागमन कर सकेंगे। डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षा है कि कांवड़ यात्रा बिना किसी दुर्घटना (जीरो एक्सीडेंट) या अप्रिय घटना (जीरो इंसिडेंट) के पूरी हो। निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा मानकों का पालन और महिला कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यहां सीसी कैमरे व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।

उन्होंने कांवड़ रूट पर मांस-मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित करने, बेहतर साफ-सफाई रखने, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए कहा। घटना होने पर क्विक रिस्पॉन्स टीमें त्वरित कार्रवाई करेंगी।

डीजे की आवाज और आकार पर नजर

डीजीपी ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार डीजे का ध्वनि स्तर 75 डेसीबल तक सीमित रखने के निर्देश दिए। कहा कि डीजे के आकार को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी हैं। सभी डीजे संचालकों और दुकानदारों को नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button