यूपी – मौत से पसरा मातम: घर पर अकेले युवक ने फंदा लगाकर दी जान, तीन माह पहले बजी थीं शहनाइयां – INA

कदौरा कस्बा क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर मोहल्ले में रविवार सुबह एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन मेला देखने गए थे। वह अकेला था, तभी उसने यह कदम उठा लिया। जब वह लौटे तो फंदे पर शव लटका देख उनके होश उड़ गए। थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासी सुशील कुमार (22) ट्रैक्टर चालक था। उसकी शादी करीब तीन माह पूर्व 25 अप्रैल को हमीरपुर जिले के मिश्रीपुर निवासी सोनम के साथ हुई थी।
बताया गया कि रविवार सुबह परिवार के सभी सदस्य झलोखर स्थित भुवनेश्वरी मंदिर के मेले में गए हुए थे, जबकि सुशील घर पर अकेला था। इसी दौरान उसने घर में साड़ी के सहारे पंखे की कुंडी में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मेला देखकर लौटे परिजनों ने जब सुशील को फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।