UP News: अंकित बालियान हत्याकांड में एक्शन, शामली में दो बदमाशों का एनकाउंटर, दो पुलिसकर्मी भी घायल – INA

Ankit Balian murder case: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने दो बदमाशों का एनकाउंटर कर दिया है. सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में अंकित की हत्या के दो संदिग्ध आरोपी सुमित और मोहित मारे गए. इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंकित बालियान की हत्या के बाद मामले के खुलासे के लिए SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट के साथ सभी थाना प्रभारियों, ASP और सिटी व कैराना CO को जांच में लगाया गया था. एसपी के मुताबिक, उन्होंने रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक जिले में विशेष नाकेबंदी करने के निर्देश दिए थे. इसका मकसद था कि बिना चेकिंग के कोई भी वाहन जिले में प्रवेश न कर सके.
अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी
एसपी ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे हिजाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना अपने थाने के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने करनाल की तरफ से आती एक मोटरसाइकिल को देखा. पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो उस पर सवार दो संदिग्ध अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली पुलिस की गाड़ी में जा लगी.
इसके बाद हिजाना SHO ने तत्काल वायरलेस सेट के जरिए जिले की अन्य पुलिस टीमों को संदिग्धों के बारे में सूचना दी. दोनों आरोपी बाइक से तेजी से भाग निकले और कैराना की ओर मुड़ गए.
एसपी ने बताया कि संदिग्ध जब मन्ना मादरा पुल के नीचे पहुंचे तो वहां कोतवाली थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे. उन्होंने भी बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की. आरोपियों ने पुलिस पर फिर गोली चला दी. फायरिंग में पुलिस वाहन का विंडशील्ड टूट गया. इसके बाद SHO ने आरोपियों को ललकारते हुए उन्हें रुकने के लिए कहा.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वहां से बाईं ओर शहर की तरफ मुड़ गए. इस बीच वायरलेस पर पहले ही अलर्ट जारी हो चुका था. सूचना मिलते ही SWAT टीम, सर्विलांस प्रभारी, संबंधित SHO, CO सिटी, ASP और CO कैराना समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं. एसपी के अनुसार, पुलिस टीमों से घिरता देख संदिग्धों ने अचानक अपनी गाड़ी दाईं ओर मोड़ दी. इसके बाद पुलिस ने उनकी घेराबंदी शुरू कर दी और आगे की कार्रवाई की गई.
पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मारे गए आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में संदिग्ध आरोपी थे. मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
26 अगस्त को जिम के बाहर हुई थी अंकित की हत्या
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अंकित जिम से बाहर निकले थे, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
कबड्डी से शुरू हुआ था सफर, संगीत में बनाई पहचान
अंकित बालियान एक कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके थे. करीब 2013-14 तक वह प्रदेश स्तर पर कबड्डी खेलते रहे. दिल्ली, भोपाल समेत कई शहरों में आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने हिस्सा लिया. पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर के बाद उन्हें खेल छोड़ना पड़ा.
इसके बाद अंकित ने फिटनेस और जिम पर ध्यान दिया. इसी दौरान उनका रुझान संगीत की तरफ बढ़ा और करीब 2022 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम शुरू किया.
सिंगर के साथ एक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर भी बनाई पहचान
अंकित ने गायन के साथ एक्टिंग, गीत लेखन, कंपोजिंग और म्यूजिक प्रोडक्शन में भी काम किया. उन्होंने मासूम शर्मा समेत कई चर्चित कलाकारों के साथ प्रोजेक्ट किए. एक खटोला जेल के भीतर, भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान, 112 NE, जाट जाटनी, मोदी बरगा रुतबा, गोली के बारूद, सिस्टम और अगला जनम जाट जैसे गानों से उन्हें पहचान मिली. उनके कई गानों को YouTube पर लाखों-करोड़ों व्यूज मिले थे.
बॉलीवुड में एंट्री की कर रहे थे तैयारी
परिवार के मुताबिक, अंकित के 20 से ज्यादा नए गानों पर काम चल रहा था. वह बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी में भी थे. हालांकि, इससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई. अब पुलिस मुठभेड़ में दो संदिग्ध आरोपियों की मौत के बाद हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आया है. पुलिस हत्या के पीछे की वजह और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
अंकित बालियान हत्याकांड में एक्शन, शामली में दो बदमाशों का एनकाउंटर, दो पुलिसकर्मी भी घायल
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,