UP News: ‘दीदी का पति साइको था’… दिव्या की बहन ने सुनाई बैंक के बाहर हुई हत्या की पूरी कहानी – INA

Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार को बैंक के बाहर बैंक अफसर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी. दिव्या के परिवार का आरोप है कि उनके पति मानस वाजपेयी लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान करने वाली हरकतें कर रहे थे. दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि दिव्या ने करीब एक साल पहले तलाक के लिए कोर्ट में केस भी दायर किया था. परिवार के मुताबिक, दिव्या पति से अलग रह रही थीं.
बैंक पहुंचते ही पति ने की रेकी
दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने फेसबुक पर पोस्ट कर घटना के बारे में बताते हुए कहा कि उनकी बहन रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक पहुंची थीं. उन्होंने अपना काम पूरा किया और किसी से चेक कलेक्ट करने के लिए एक कलीग के साथ बैंक से बाहर गईं. परिवार का आरोप है कि इसी दौरान मानस दो रिवॉल्वर लेकर ऑटो से उनकी रेकी कर रहा था.
ये भी पढ़ें- 9 साल की शादी, 1 करोड़ की मांग और फिर 3 मौतें कैसे खूनी हो गया बैंक मैनेजर पति-पत्नी का रिश्ता?
प्रज्ञा मिश्रा के मुताबिक, दिव्या जब वापस बैंक पहुंचीं तो बैंक के गेट के पास मानस ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि उसने पहले एक रिवॉल्वर से गोली चलाई और फिर हथियार की बट से दिव्या के चेहरे और सिर पर कई वार किए. इसके बाद उसने दूसरी रिवॉल्वर से भी फायर किया. गोली लगने से दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं.
सिर और माथे पर लगीं गंभीर चोटें
प्रज्ञा के मुताबिक, दिव्या के माथे और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं. आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई. बैंककर्मियों और लोगों ने दिव्या को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बहन प्रज्ञा ने भावुक होते हुए कहा कि दिव्या के नहीं रहने की बात पर यकीन करना उनके लिए बेहद मुश्किल है. उन्होंने कहा कि दिव्या अपनी मां के बेहद करीब थीं और परिवार के लिए यह सदमा सहना आसान नहीं है.
ये भी पढें-3 पिस्टल, 3 मौतें और सिर में लगी गोलियां क्या बैंक अफसर दिव्या मिश्रा के पति ने अलग-अलग असलहे से की फायरिंग?
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद की बात सामने आई है. परिवार के अनुसार, दोनों के रिश्ते ठीक नहीं थे. दिव्या पति से अलग रह रही थीं. करीब एक साल पहले उन्होंने तलाक के लिए कोर्ट में मामला भी दायर किया था. दिव्या के ममेरे भाई मयंक दीक्षित ने बताया कि दोनों के बीच कई सालों से विवाद चल रहा था. उन्होंने कहा कि परिवार को करीब एक साल पहले कोर्ट केस की जानकारी भी थी. मयंक के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उन्हें दिव्या को गोली मारे जाने की जानकारी मिली.
हत्या के बाद बहन और आरोपी की भी मौत
पुलिस के अनुसार, दिव्या पर हमला करने के बाद मानस हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराये के मकान पहुंचा. वहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटनाक्रम में दिव्या, मानस की बहन और मानस की मौत हो गई. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. घटनास्थल से हथियार कब्जे में लिया गया है. फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं. बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें-लखनऊ में डबल मर्डर के बाद सुसाइड: बैंक मैनेजर पत्नी की सरेआम हत्या, फिर बहन को भी मारकर सिरफिरे पति ने दे दी जान
सोशल मीडिया स्टेटस से भी सामने आई कहानी
घटना के बाद मानस वाजपेयी के वॉट्सऐप स्टेटस को लेकर भी चर्चा शुरू हुई. इसमें उसने पत्नी के खिलाफ कई आरोप लगाए थे. पारिवारिक रिश्तों में धोखे की बात कही थी. हालांकि, दिव्या के परिवार ने इन आरोपों को गलत बताया है. दिव्या के ममेरे भाई मयंक दीक्षित ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मानस के स्टेटस में प्रज्ञा और भारत को लेकर लगाए गए आरोप सही नहीं हैं. उन्होंने मानस को मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति बताया.
पुलिस जांच में जुटी, कई सवालों के जवाब बाकी
गोमतीनगर की इस वारदात के बाद पुलिस पति-पत्नी के विवाद, तलाक के मुकदमे, हाल की बातचीत और घटना से पहले मानस की गतिविधियों की जांच कर रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.
‘दीदी का पति साइको था’… दिव्या की बहन ने सुनाई बैंक के बाहर हुई हत्या की पूरी कहानी
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,