UP News: स्पेलेंडर से प्लेटिना तक… नशे के लिए बाइक चोरी, सहारनपुर में तीन दोस्तों ने बनाया गैंग, 9 गाड़ी बरामद – INA

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नशे की लत पूरी करने के लिए तीन दोस्तों ने वाहन चोरी को कमाई का जरिया बना लिया. सरसावा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महंगी बाइक चोरी करने के बाद उन्हें ग्रामीण इलाकों में महज 6 से 8 हजार रुपये में बेच देते थे. चोरी से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल वे नशे की लत पूरी करने में करते थे.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार उर्फ रोहित फौजी, वंश उर्फ राजा और गौरव के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक तीनों नशे के आदी हैं. नशे के लिए पैसों की जरूरत बढ़ने के बाद उन्होंने बाइक चोरी को आसान कमाई का रास्ता बना लिया. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जहां भी उन्हें बिना ज्यादा सुरक्षा के बाइक खड़ी दिखाई देती थी, वे मौका देखकर उसे चोरी कर लेते थे.

नशे के लिए करते थे चोरी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सरसावा के अलावा सदर बाजार, चिलकाना और हरियाणा में भी बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. चोरी करने के बाद वे ग्राहक तलाशते और बाइक को बेहद कम कीमत पर बेच देते थे. आरोपियों ने राधा स्वामी सत्संग व्यास, सरसावा से स्पेलेंडर और पीजीआई पिलखनी अस्पताल से प्लेटिना बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की है. इसके अलावा करीब तीन-चार दिन पहले तेलीपुरा ठेके के पास चाबी लगी खड़ी बाइक चोरी करने की वारदात में भी शामिल होने की बात कही है.

आरोपियों के पास से 9 बाइक बरामद

गिरोह ने पुलिस से बचने के लिए चोरी की कुछ बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर तक घिस दिए थे, ताकि उनकी पहचान मुश्किल हो सके. पुलिस को चोरी की बाइकें नकुड़ रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पुराने खंडहरों में छिपाकर रखने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने वहां दबिश देकर कई बाइक बरामद कीं. बरामद 9 मोटरसाइकिलों में स्पेलेंडर प्लस, सुपर स्पेलेंडर और प्लेटिना शामिल हैं जिनकी चोरी के संबंध में सरसावा थाने में मुकदमे दर्ज थे.

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी चोरी की बाइकें बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें नकुड़-सरसावा मार्ग पर हाईवे पुल के नीचे गिरफ्तार कर लिया गया. अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह द्वारा चोरी की गई अन्य बाइकों और उनके खरीदारों का पता लगाने में जुटी है.

स्पेलेंडर से प्लेटिना तक… नशे के लिए बाइक चोरी, सहारनपुर में तीन दोस्तों ने बनाया गैंग, 9 गाड़ी बरामद


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button