UP News: सेना के कर्नल का ‘हवाला कांड’! कोलकाता से कानपुर तक कैसे चला रिश्वत का पूरा खेल? – INA

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कल मंगलवार को भारतीय सेना के कर्नल रैंक के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया. उस पर आरोप है कि इस अधिकारी ने कानपुर के एक डिफेंस सप्लायर से रिश्वत लेकर टेंडरों में हेरफेर किया और घटिया सैंपल को मंजूरी दी. इस अफसर की पहचान हिमांशु बाली के तौर पर हुई. वह आर्मी ऑर्डनेंस कोर की ईस्टर्न कमांड में तैनात है.

यह ईस्टर्न कमांड पूर्वी सेक्टर में हथियार और गोला-बारूद की सप्लाई में अहम भूमिका निभाती है. जांच एजेंसी के एक सूत्र ने बताया कि उसे मंगलवार को कोलकाता में गिरफ्तार किया गया और अब उसे दिल्ली लाया जा रहा है. साथ ही CBI ने सेना के टेंडरों में कथित भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामले में एक एफआईआर दर्ज की है. इस केस में कर्नल बाली समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है.

पिता-पुत्र के संपर्क में थे कर्नल बाली

केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत दर्ज एफआईआर के मुताबिक, कर्नल हिमांशु बाली का कानपुर की कंपनी ‘ईस्टर्न ग्लोबल लिमिटेड’ और उसके मालिकों – अक्षत अग्रवाल और उनके पिता मयंक अग्रवाल – के साथ कथित तौर पर गहरा संबंध था.

सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दर्ज इस एफआईआर में आगे कहा गया है कि यह कंपनी देश भर में कई डिफेंस संस्थानों को लंबे समय से सप्लाई कर रही है. अग्रवाल पिता-पुत्र, अनुचित लाभ उठाने के लिए, कोलकाता स्थित ईस्टर्न कमांड के कर्नल हिमांशु बाली के साथ लंबे समय से “नियमित संपर्क” में थी.

टेंडर के लिए रिश्वत लेने का आरोप

एफआईआर के अनुसार, कानपुर स्थित कंपनी इस्टर्न ग्लोबल लिमिटेड (Eastern Global Limited) के संचालकों पर सेना के टेंडर हासिल करने के लिए रिश्वत देने का आरोप है. जांच एजेंसी का कहना है कि कंपनी को अनुचित तरीके से कई टेंडरों में फायदा पहुंचाया गया. कर्नल बाली उस समय ईस्टर्न कमांड, फोर्ट विलियम, कोलकाता में तैनात थे. उन पर आरोप है कि उन्होंने टेंडर दिलाने, घटिया सैंपल पास कराने और बढ़े हुए बिल क्लियर कराने के बदले भारी मात्रा में रिश्वत ली.

एफआईआर में दावा किया गया है कि मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान एक बड़े टेंडर को रिश्वत के बदले कंपनी को दिलाया गया. जांच में यह भी सामने आया कि पिछले महीने 22 अप्रैल को कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में कर्नल बाली और कंपनी के प्रतिनिधियों की मुलाकात हुई थी. इसके 2 दिन बाद यानी 24 अप्रैल को कंपनी को संबंधित टेंडर मिल गया.

कर्नल ने दिल्ली मंगवाई रिश्वत की रकम

एजेंसी की एफआईआर में आगे कहा गया, ” (एक) सूत्र ने आगे बताया है कि 16 मई को कर्नल बाली ने अक्षत अग्रवाल से संपर्क किया और उन्हें पिछली सहमति के अनुसार बकाया रिश्वत की रकम की याद दिलाई. इस दौरान उसने यह निर्देश भी दिया कि उसकी यह रकम दिल्ली-NCR क्षेत्र में पहुंचाई जाए.”

हालांकि, तब अक्षत ने इसमें शामिल “बड़ी रकम” को देने में अपनी असमर्थता जताई. एफआईआर के अनुसार, “उसी दिन, कर्नल बाली ने कथित तौर पर दिल्ली में रहने वाले अक्षत अग्रवाल के ड्राइवर या सहयोगी आशुतोष शुक्ला से संपर्क साधा और उसे निर्देश दिया कि वे बिना किसी चूक के रिश्वत की रकम नरेश पाल तक पहुंचा दे.”

हवाला के जरिए 50 लाख देने की तैयारी

हवाला के जरिए करीब 50 लाख रुपये दिल्ली-NCR पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी. एजेंसी ने यह भी दर्ज किया कि अक्षत दिल्ली के चांदनी चौक में एक बिचौलिए के जरिए कर्नल को देने के लिए 50 लाख रुपये का इंतजाम करते हुए पाए गए.

इस मामले में अक्षत अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, आशुतोष शुक्ला, नरेश पाल और अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. केस भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत दर्ज किया गया है. मामले की जांच CBI के DSP सुनील कुमार कर रहे हैं.

जितेन्द्र कुमार शर्मा
जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button

सेना के कर्नल का ‘हवाला कांड’! कोलकाता से कानपुर तक कैसे चला रिश्वत का पूरा खेल?


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button