UP News: यमुना में सैर पर निकला स्टीमर कैसे हुआ हादसे का शिकार? बांके बिहारी दर्शन करने पहुंचे 10 श्रद्धालुओं की मौत – INA

Mathura News: मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार को केशी घाट पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. यमुना नदी में स्टीमर पलटने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. वहीं 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया. वहीं 8 अभी भी लापता हैं. इनमें से जिन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे को लेकर पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी तक ने दुख जताया. सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. इन सबके बीच लोगों के मन में एक सवाल उठ रहा है कि आखिर कैसे स्टीमन नदी में पलट गया?
दरअसल, पंजाब के लुधियाना से 32 श्रद्धालुओं का जत्था वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन करने आया था. सभी ने शुक्रवार सुबह पहले बांके बिहारी के दर्शन किए. फिर स्टीमर पर सवार होकर यमुना नदी में सैर पर निकल गए. इसी दौरान जब इनका स्टीमर केशी घाट पर पहुंचा, तभी वहां बने पांटून पुल से टकरा गया. पुल से टकराते ही स्टीमर अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया. एक-एक श्रद्धालु नदी में डूबने लगे. श्रद्धालुओं को डूबते देख चीख-पुकार मच गई.
घायल श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती
केशी घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने आनन-फानन में हादसे की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही स्थनीय थाना पुलिस टीम मौके पर केशी घाट पहुंची. पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया. घटना की गंभीरता को देखते हुए मथुरा DM चंद्र प्रताप सिंह, ADG, SSP और DIG आगरा रेंज शैलेश पांडे मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपेरशन के लिए सेना, NDRF और SDRF को भी बुलाया. साथ ही जिला अस्पताल से कई एंबलुेंस भी घाट पर बुला ली गईं, ताकि समय रहते घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया जा सके.
ये भी पढ़ें- मथुरा: वृंदावन में यमुना में पलटा स्टीमर, 10 लोगों की मौत; 15 को बचाया गया कई अभी भी लापता
सेना, NDRF और SDRF और गोताखोरों ने मिलकर एक-एक कर श्रद्धालुओं को नदी से बाहर निकालाना शुरू किया. करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 25 श्रद्धालुओं को नदीं से बाहर निकाला गया, जिसमें से 10 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं 15 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिनकी हालत खतरे से बाहर है. आठ लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में सेना, NDRF और SDRF की टीमें लगी हैं.
देवराहा बाबा मांठ जा रहे थे श्रद्धालु
DM चंद्र प्रताप सिंह ने स्टीमर हादसे को लेकर बताया कि लुधियाना से 33 श्रद्धालु मथुरा आए थे. सभी यमुना नदी में स्टीमर से सैर कर रहे थे. इसी दौरान इनका स्टीमर पलटा गया. अब तक 10 लोगों के शव मिले हैं. 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. अन्य को ढूंढा जा रहा है. सेना, NDRF और SDRF को भी बुलाया गया है. वहीं SP ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि स्टीमर में सवार सभी श्रद्धालु वृंदावन से देवराहा बाबा मांठ जा रहे थे, तभी इनका स्टीमर पांटून पुल से टकरा कर पलट गया. मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
PM-CM ने हादसे पर दुख जताया
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मथुरा नाव हादसे पर दुख जताया. पीएम मोदी ने X पर ट्वीट कर लिखा, उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना से मैं अत्यंत दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त.
कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी मौके पर मौजूद
सीएम योगी अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश. साथ ही मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया. वहीं योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और ADG आगरा रेंज अनुपमा कुलश्रेष्ठ भी घटनास्थल पर पहुंचीं. मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है. अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
यमुना में सैर पर निकला स्टीमर कैसे हुआ हादसे का शिकार? बांके बिहारी दर्शन करने पहुंचे 10 श्रद्धालुओं की मौत
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,



