UP News: वाराणसी में एयर शो देखने जा रहे हैं? घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान – INA

Varanasi News: वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. प्रधानमंत्री और अन्य VIP के आगमन को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा. इसका उद्देश्य एयर शो देखने आने वाले लोगों को सुविधा देना और शहर में जाम की स्थिति से बचना है. इस दौरान कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी, जबकि अलग-अलग इलाकों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. ऐसे में एयर शो देखने जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर जान लेना चाहिए.

मालवाहक वाहनों और बसों के लिए बदला रास्ता

यातायात पुलिस के मुताबिक, शहर में मालवाहक वाहनों, रोडवेज और निजी बसों के साथ टेंपो ट्रैवलर का संचालन रिंग रोड और एनएच-19 के रास्ते कराया जाएगा. मिर्जापुर से आने वाले बड़े वाहनों को औराई और भदोही के रास्ते भेजा जाएगा. हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों, एंबुलेंस और चारपहिया वाहनों का संचालन जारी रहेगा. वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें.

ये भी पढ़ें- कमजोर मकान की छत पर खड़े न हों, नहीं तो, एयर शो से पहले वाराणसी नगर निगम ने जारी की एडवाइजरी

एयर शो देखने आने वालों के लिए यहां होगी पार्किंग

एयर शो में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. इनमें मच्छोदरी पार्किंग मैदान, नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी, टाउनहॉल मैदान, क्वींस कॉलेज और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय शामिल हैं. इसके अलावा गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, बेनियाबाग, बीएचयू कैंपस और अस्सी-सामने घाट क्षेत्र में भी निर्धारित जगहों पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे.

वरुणा जोन में भी अलग-अलग दिशाओं से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, रामनगर क्षेत्र में पीएसी ग्राउंड, रामबाग ग्राउंड, दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान और लंका मैदान को पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है. लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें.

राजघाट पुल पर आवागमन बंद

ट्रैफिक प्लान के तहत राजघाट गंगा पुल पर वाहनों के साथ पैदल आने-जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा. वहीं, सामने घाट पुल से दोपहिया वाहनों और पैदल लोगों को आने-जाने की अनुमति होगी. रिंग रोड और विश्वसुंदरी गंगा पुल पर वाहनों का संचालन जारी रहेगा. इसके अलावा नमो घाट, राजघाट, दशाश्वमेध-अस्सी और रामनगर क्षेत्र में ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे. कुछ प्रमुख मार्गों पर पैदल चलने वालों के लिए भी अलग व्यवस्था लागू होगी. इन बदलावों के चलते लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है.

परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एयर शो और VIP कार्यक्रम वाले क्षेत्रों में बहुत जरूरी होने पर ही जाएं. अगर इन इलाकों से गुजरना जरूरी हो तो अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और पुलिस की ओर से बताए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. ट्रैफिक संबंधी जानकारी या सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है- ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994, ट्रैफिक हेल्पलाइन: 7317202020

वाराणसी में एयर शो देखने जा रहे हैं? घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button