UP News: ‘पढ़ाई छोड़ दो, पर्दे में रहो…’ बरेली में LLB छात्रा का अपने ही घरवालों पर आरोप, पूर्व पति से हलाला करने का डाल दे रहे दबाव – INA

उत्तर प्रदेश के बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में एलएलबी की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने अपने ही भाइयों, भाभियों और रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा का आरोप है कि परिवार के लोग उस पर पढ़ाई छोड़ने और घर की महिलाओं की तरह पर्दे में रहने का दबाव बना रहे हैं. आरोप है कि उसके पूर्व पति के साथ हलाला करने के लिए भी दबाव बनाया गया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. पीड़िता की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता इज्जतनगर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि वह एलएलबी की पढ़ाई कर रही है. इसके साथ ही प्रशिक्षु वकील के तौर पर प्रैक्टिस भी कर रही है. उसका कहना है कि वह अपनी पढ़ाई और करियर को लेकर आगे बढ़ना चाहती है, लेकिन परिवार के कुछ लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं. पीड़िता का आरोप है उसका एक छोटा भाई सऊदी अरब में रहकर मजदूरी करता है और अपनी मां के खर्च के लिए रुपये भेजता है. वहीं उसके दो अन्य भाई और उनकी पत्नियां उसे और उसकी मां को मकान से बाहर निकालने का दबाव बना रहे हैं. इसी बात को लेकर परिवार में पहले भी विवाद हो चुका है.
पूर्व पति के साथ हलाला का दबाव बनाने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि सात अगस्त को उसके भाई, भाभियां और रिश्ते के मामा समेत कुछ लोग उसके साथ विवाद करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान उस पर पूर्व पति के साथ हलाला करने का दबाव बनाया गया. महिला ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उसका पूर्व पति से तलाक हो चुका है और वह इस तरह का कोई कदम नहीं उठाएगी.
महिला के मुताबिक उसके इनकार करने पर परिवार के लोग नाराज हो गए. आरोप है कि सभी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. लात-घूंसों से पीटने के साथ उसे धमकाया भी गया. पीड़िता का आरोप है कि परिवार के लोगों ने उससे कहा कि उनके परिवार की महिलाएं पर्दे में रहती हैं और उसे भी उसी तरह रहना होगा.
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
आरोप है कि इसी दौरान उससे साफ तौर पर कहा गया कि वह एलएलबी की पढ़ाई छोड़ दे और वकालत की प्रैक्टिस भी बंद कर दे. महिला ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ाई जारी रखना चाहती है, लेकिन परिवार के लोग लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके और उसकी मां के साथ पहले भी मारपीट की जा चुकी है. परिवार में विवाद बढ़ने के बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की. मामले की जानकारी मिलने के बाद इज्जतनगर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है. पुलिस अब आरोपों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. वही एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
‘पढ़ाई छोड़ दो, पर्दे में रहो…’ बरेली में LLB छात्रा का अपने ही घरवालों पर आरोप, पूर्व पति से हलाला करने का डाल दे रहे दबाव
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,