UP News: ‘बेटे के एक्सीडेंट की खबर सुनकर घर से निकले…’ फिर टूट गया संपर्क, सीतापुर में तालाब से मिली कार, अंदर थीं पिता सहित 3 लाशें – INA

Sitapur Car Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कार समेत लापता हुए तीन लोगों के शव तालाब से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया. तीनों के शव कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास एक तालाब में डूबी कार के अंदर मिले. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकलवाया. कार के अंदर तीनों के शव मिले. मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश चौरसिया, सतीश और अटरिया निवासी रामेंद्र के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि राकेश अपने बेटे का हाल जानने के लिए दोनों साथियों के साथ बहराइच गए थे. वहां से लौटते समय तीनों लापता हो गए थे.

सीतापुर के सिधौली निवासी राकेश चौरसिया के बेटे मोहन का बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था. बेटे के हादसे की खबर मिलने के बाद राकेश परेशान हो गए और उसका हाल जानने के लिए बहराइच जाने का फैसला किया. राकेश अपने साथी सतीश और अटरिया निवासी रामेंद्र के साथ कार से बहराइच पहुंचे. वहां बेटे का हाल जानने के बाद तीनों कार से वापस सीतापुर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में अचानक उनका संपर्क परिवार से टूट गया.

सीसीटीवी कैमरे में सुबह चार बजे दिखी थी कार

परिजनों के मुताबिक, काफी समय बीतने के बावजूद तीनों घर नहीं पहुंचे. परिवार के लोगों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू की. इस दौरान पता चला कि सोमवार सुबह करीब चार बजे कंदुनी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी कार दिखाई दी थी. इसके बाद कार और उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही थी.

क्रेन से बाहर निकाली कार, अंदर मिले तीनों के शव

इसी बीच सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास स्थित तालाब में एक कार डूबी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई.

पुलिस ने देर रात करीब डेढ़ बजे क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकलवाया. कार की जांच करने पर उसके अंदर तीनों लापता लोगों के शव मिले. शवों की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई. तीनों की मौत की खबर सुनते ही परिवारों में कोहराम मच गया.

चालक को नींद आने से हादसे की आशंका

फिलहाल कार तालाब में कैसे पहुंची, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. आशंका जताई जा रही है कि कार चला रहे व्यक्ति को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गया होगा. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

कमलापुर थाना प्रभारी इतुल चौधरी के मुताबिक, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस घटनास्थल और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.

‘बेटे के एक्सीडेंट की खबर सुनकर घर से निकले…’ फिर टूट गया संपर्क, सीतापुर में तालाब से मिली कार, अंदर थीं पिता सहित 3 लाशें


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button