UP News: UP से लेकर छत्तीसगढ़ तक बारिश से त्राहिमाम, उत्तराखंड में रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा स्थगित…झारखंड में उफनाईं नदियां – INA

सितंबर के आखिरी दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश ने एक बार फिर जनजीवन की रफ्तार थाम दी है. इसकी एक प्रमुख वजह अर्नब चक्रवात (Cyclone Arnab) का असर भी बताया जा रहा है. उत्तराखंड से लेकर झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश तक बारिश के कारण हाल बेहाल है. उत्तराखंड में रेड अलर्ट के बीच चारधाम यात्रा स्थगित कर दी गई. वहीं, दिल्ली में बारिश के बाद तापमान गिरा है .
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि राज्यभर में 100 से अधिक मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है. पिछले 24 घंटे में राज्य में सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई. उत्तराखंड में भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित कर दी गई. अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर बर्फबारी भी हुई. फिलहाल किसी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है. बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया था. देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट है. एहतियात के तौर पर पांच जिलों समेत रुद्रप्रयाग में 12वीं तक के स्कूल बंद रखे गए.
( PHOTO PTI)
रविवार को देहरादून, टिहरी और पौड़ी के लिए रेड अलर्ट तथा अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने भूस्खलन, सड़क बाधित होने, नदियों का जलस्तर बढ़ने और मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है.
झारखंड में नदियां खतरे के निशान से ऊपर
झारखंड में मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो गया. कई जगह वाहन फंस गए और लोगों को घुटने तक पानी से होकर गुजरना पड़ा. पूर्वी सिंहभूम में सुवर्णरेखा नदी खतरे के निशान से 2.02 मीटर और खरकई नदी 4.50 मीटर ऊपर बह रही थी. रांची के हटिया और गेतलसूद बांधों का जलस्तर भी बढ़ गया. खराब मौसम के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कम से कम छह उड़ानें रद्द की गईं. रांची और जमशेदपुर समेत कई जिलों में स्कूल भी बंद रहे.
ओडिशा में 14,500 लोग राहत केंद्रों में पहुंचाए गए
ओडिशा में गहरे दबाव के क्षेत्र के कारण भारी बारिश हुई. कम से कम 63 स्थानों पर 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई. नबरंगपुर के तेंतुलीखुंटी में 395 मिमी, नंदाहांडी में 344 मिमी और कोरापुट के बोरीगुमा में 307.8 मिमी बारिश दर्ज हुई.
दक्षिणी और पश्चिमी ओडिशा के प्रभावित क्षेत्रों से करीब 14,500 लोगों को 2,061 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया. कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. भूस्खलन के कारण कई सड़कें बाधित हुईं, जबकि रेलवे सेवाओं पर भी असर पड़ा.
( PHOTO PTI)
छत्तीसगढ़ में सभी स्कूल बंद
छत्तीसगढ़ में लगातार भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 26 सितंबर को राज्य के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया. जलभराव, नदियों और नालों के बढ़ते जलस्तर तथा आवागमन में परेशानी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई.
जिला कलेक्टरों को बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, निचले इलाकों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, दवाइयों और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
दिल्ली में बारिश से तापमान गिरा
दिल्ली में हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम था. न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी की हवा भी संतोषजनक श्रेणी में रही.
UP से लेकर छत्तीसगढ़ तक बारिश से त्राहिमाम, उत्तराखंड में रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा स्थगित…झारखंड में उफनाईं नदियां
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,