UP News: UP Weather Update: पेड़ गिरे, घर टूटे, 15 की मौत… UP में आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही, 38 जिलों में येलो अलर्ट – INA

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचाई. प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पेड़ गिरने, मकान क्षतिग्रस्त होने और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग घायल हुए हैं, जबकि मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
बता दें कि बुधवार को उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज आंधी-बारिश और ओले गिरने का सिलसिला जारी रहा. दोपहर ढाई बजे के आसपास उन्नाव और प्रयागराज में भारी बारिश के साथ ओले पड़े. कई जगहों पर तेज हवाओं ने तबाही मचाई. पेड़ उखड़ गए, टीन शेड उड़ गए और साइन बोर्ड गिर पड़े. उन्नाव में एक बड़ा पेड़ सड़क पर खड़ी कार पर गिर गया. प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़ और बांदा में आंधी की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. बरेली और बदायूं में तेज हवाओं के कारण कई साइन बोर्ड और यूनिपोल गिर गए.
अब तक 15 लोगों की मौत
प्रदेशभर में आंधी-तूफान से जुड़े हादसों में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है. बदायूं में सबसे ज्यादा 5 मौतें दर्ज की गईं. फतेहपुर में अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की जान गई, जबकि भदोही में मकान पर गिरे नीम के पेड़ ने 4 लोगों की जान ले ली. वहीं उन्नाव में भी आंधी-बारिश से तीन लोगों की मौत हो गई. इन हादसों में कई लोग घायल भी हुए हैं. सुबह संभल, मेरठ और बरेली में बारिश हुई, जबकि शाहजहांपुर में धूलभरी आंधी चली. बरेली और रामपुर में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने सड़क किनारे लगे कई यूनिपोल उखाड़ दिए.
उन्नाव में मासूम समेत 3 की मौत
उन्नाव जिले में तेज आंधी और बारिश के कारण तीन लोगों की मौत हो गई. दही थाना क्षेत्र के शिगुपुर गांव में 70 वर्षीय राम आश्रय आम के पेड़ के नीचे बैठे थे, तभी पेड़ गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आसीवन थाना क्षेत्र के मकबूल खेड़ा गांव में सड़क किनारे लगा यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से 9 वर्षीय अंश की मौत हो गई.
हादसे में अमित और रजेपाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. उन्नाव के ADM सुशील कुमार ने बताया कि जिले में तीन लोगों और तीन पशुओं की मौत की पुष्टि हुई है. प्रशासन क्षति का आकलन कर रहा है और प्रभावित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
38 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर समेत आसपास के जिलों में अगले तीन घंटे के लिए भारी बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. आज पूरे प्रदेश के 38 जिलों में आंधी-तूफान व बारिश का येलो अलर्ट है.
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आज और कल मौसम बदला रहेगा. तेज हवाओं (50 किमी/घंटा तक) के साथ बारिश होगी, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी. हालांकि 15 मई से गर्मी फिर लौट आएगी. तापमान में 6 से 8 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और पारा 45 डिग्री से ऊपर चला जाएगा.
(इनपुट- कुमार मनीष/उन्नाव)
UP Weather Update: पेड़ गिरे, घर टूटे, 15 की मौत… UP में आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही, 38 जिलों में येलो अलर्ट
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,



