यूपी – राधाष्टमी 2026: बरसाना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 155 सीसीटीवी से होगी निगरानी; बनाई गईं 50 पार्किंग – INA

 बरसाना में 19 सितंबर को होने वाले राधाष्टमी पर्व के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण का खाका तैयार किया गया है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार ने बताया कि मेला क्षेत्र को सात जोन और 20 सेक्टर में बांटा जाएगा। श्रद्धालुओं के सुचारु दर्शन के लिए 38 होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। मेला क्षेत्र में 50 पार्किंग स्थल, छह वॉच टावर और 88 बैरियर की व्यवस्था रहेगी। जल संबंधी घटनाओं से निपटने के लिए 12 गोताखोर और एक नाव भी तैनात की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति और खाद्य पदार्थों की जांच के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र की सफाई और सजावट पर भी ध्यान देने को कहा गया। घोषणा प्रणाली से निरंतर अनाउंसमेंट कराने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों को चिह्नित कर नोटिस देने तथा पर्याप्त दिशा-सूचक लगाने को भी कहा गया। 12 स्वास्थ्य शिविर और मेडिकल टीमें भी तैनात रहेंगी। बाइक एंबुलेंस के साथ नियमित दूरी पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए 35 पानी के टैंकर, 30 मोबाइल शौचालय, 100 लाउडस्पीकर और सात स्थानों पर जूता घर बनाए जाएंगे।

सुरक्षा और निगरानी

भीड़ पर नजर रखने के लिए बरसाना में 50 स्थानों पर कुल 155 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कस्बे में पहले से लगे 60 कैमरों और राधारानी मंदिर में लगे 32 कैमरों के अतिरिक्त ये कैमरे होंगे। इसके अतिरिक्त 27 स्थानों पर 63 अस्थायी कैमरे भी लगेंगे। पीली कोठी, श्रीजी गेट और कटारा पार्क सहित सात स्थानों पर स्टैटिक सेट से भीड़ की निगरानी होगी।

राधाष्टमी पर परिवहन निगम चलाएगा 160 बसें

राधाष्टमी के त्योहार को लेकर परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 और 19 सितंबर को बरसाना में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए निगम ने 160 बसों के संचालन की तैयारी की है। इसके अलावा 40 अतिरिक्त बसों को रिजर्व रखा जाएगा।

बसों के संचालन के लिए चालक-परिचालकों की व्यवस्था के साथ ही प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं को बरसाना तक पहुंचने और वापस लाने के लिए प्रमुख मार्गों पर बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक अहिरवार के अनुसार भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button