यूपी – संभल: रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, मामा की मौत, भांजा और बेटा घायल – INA

बबराला थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के नजदीक शनिवार सुबह तेज रफ्तार पीतल नगरी रोडवेज डिपो की बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार रजनेश (26) निवासी गांव नदरौली, हाल निवासी लोहिया कॉलोनी बबराला की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके साथ ही उनका तीन वर्षीय बेटा भूरे मामूली रूप से और भांजा देव निवासी बेलोन, थाना नरौरा जनपद बुलंदशहर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि रजनेश अपने बेटे भूरे और भांजे देव के साथ बाइक से बबराला थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर से दूध लेने जा रहे थे।

बाइक में पेट्रोल कम होने के कारण वह पेट्रोल डलवाने आगरा मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर स्थित भारत पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे ही थे। उसी समय सामने से आ रही रोडवेज बस से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर-दूर जा गिरे और घायल हो गए।

मौके पर भीड़ लग गई । सूचना पर स्थानीय पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बबराला पहुंचाया। चिकित्सकों ने रजनेश को मृत घोषित कर दिया। देव की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं भूरे को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

परिजनों ने बताया कि देव अपने ननिहाल बबराला में रहकर पढ़ाई करता था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने रजनेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही रोडवेज बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button