यूपी – शाहजहांपुर: साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त जीएम को किया ‘डिजिटल अरेस्ट’, गिरफ्तारी का भय दिखाकर 22 लाख रुपये ठगे – INA

शाहजहांपुर में साइबर ठगों ने सीतापुर की बिसवां चीनी मिल के सेवानिवृत्त जीएम सुरेंद्र कुमार सक्सेना (70 वर्ष) को डिजिटल अरेस्ट कर आतंकवादी गतिविधियों से जोड़ने और गिरफ्तारी वारंट का भय दिखाकर 22 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तत्परता बरतते हुए 10 लाख से ज्यादा की धनराशि होल्ड करा दी है। 


सदर बाजार क्षेत्र के ताजूखेल निवासी सुरेंद्र कुमार सक्सेना के अनुसार 17 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल एक आतंकवादी ने केनरा बैंक में खाता खोलने के लिए किया है। उस खाते में आतंकवादी ने 25 लाख रुपये भेजे हैं। पीड़ित ने आधार कार्ड किसी को देने से इनकार किया तो कॉल करने वाले ने कहा कि उनके नाम से गिरफ्तारी वारंट है और उसने वारंट होल्ड कर रखा है।

इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खातों की जांच कराने की बात कही और खाते के फोटो लेने को कहा। पीड़ित के मुताबिक 19 सितंबर को उनके एसबीआई के चौक स्थित खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद 21 सितंबर को एसबीआई के दूसरे खाते से 6.50 लाख और आईसीआईसीआई बैंक के खाते से 3.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 22 लाख रुपये ठग लिए गए। इसके बाद भी 14 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button