यूपी – UP: आगरा-ग्वालियर हाईवे पर मजदूर को कुचलकर भागा वाहन, मौके पर मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम – INA

आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र के ग्वालियर राजमार्ग पर कुर्रा मोड़ स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने शनिवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से 42 वर्षीय मजदूर सोहनवीर निवासी मुबारिकपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया।

थाना प्रभारी राम कुमार तोमर ने बताया कि टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। सोहनवीर अपने पीछे पत्नी मोनी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक की लहर है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button