यूपी – बरेली: 431 करोड़ रुपये में बिकी बहेड़ी की केसर चीनी मिल, किसानों को जल्द भुगतान मिलने की आस – INA

बरेली के बहेड़ी की केसर चीनी मिल को मंगलवार को सहारनपुर की अवध फूड्स ने 431 करोड़ रुपये में खरीद लिया। सोमवार देर शाम सौदा फाइनल होने के बाद चीनी मिल प्रशासन के सीईओ ने ही यह घोषणा की। दावा है कि मिल बिक्री से मिले रुपयों से किसानों के बकाया 164 करोड़ रुपये चुकाए जाएंगे।
वर्ष 1933 में किला चंद परिवार ने केसर चीनी मिल की स्थापना की थी। करीब नौ दशक तक मिल इसी परिवार के स्वामित्व में रही। पिछले पांच-छह वर्षों में आर्थिक संकट गहराने के बाद मिल की हालत लगातार खराब होती गई। किसानों का गन्ना भुगतान भी अटकता चला गया।
यह भी पढ़ें- बरेली: मीरगंज इलाके में रामगंगा नदी में समाया प्राचीन मंदिर, लगातार कटान होने से ग्रामीणों में दहशत
कई कंपनियों से चली थी बातचीत
किला चंद परिवार के हर्ष आर. किला चंद ने मिल को बेचने का फैसला लिया था। मिल को खरीदने के लिए कई कंपनियों से बातचीत चली। आखिरकार सहारनपुर के कारोबारी संजीव कुमार कपूर की अवध फूड्स के साथ 431 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। सोमवार देर शाम डील फाइनल होने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की गई।
चीनी मिल की बिक्री से सबसे बड़ी उम्मीद उन हजारों गन्ना किसानों को बंधी है, जिनका करीब 164 करोड़ रुपये का भुगतान दो पेराई सत्रों से अटका हुआ है। चीनी मिल बिक्री से मिले रुपयों से जल्द बकाया भुगतान की उम्मीद है।