World News: पेशावर से काबुल तक ताबड़तोड़ धमाके… डूरंड लाइन पर महासंग्राम! इस्लामाबाद में खलबली – INA NEWS

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर जबरदस्त हमला किया है. उसने 55 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत का दावा किया है. अफगान सरकार ने कहा है कि 23 पाकिस्तानी सैनिकों के शव उसके पास हैं. डूरंड लाइन पर जारी संघर्ष में अफगान आर्मी ने पाकिस्तानी सेना के एक हेडक्वॉर्टर और 19 चौकियों पर भी कब्जा कर लिया गया है. पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के जवाब में तालिबान सेना ने बॉर्डर पर पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए. सेना के जवान पाकिस्तान बॉर्डर में घुस गए और ताबड़तोड़ हमले किए. अफगान आर्मी के चीफ ऑफ़ स्टाफ फसीहुद्दीन फितरत ने फ्रंट लाइन पर पहुंचकर सेना के ऑपरेशन का जायजा लिया.

तालिबान सेना ने पाकिस्तान की सैन्य चौकियों से बड़ी संख्या में हथियार भी अपने कब्जे में ले लिए. पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर भीषण हमला किया, जिसके बाद उसके जवान भाग खड़े हुए. अफगान सैनिकों ने पाकिस्तानी पोस्ट और गाड़ियों में आग लगा दी और उसे तबाह कर डाला. इतना ही नहीं अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के पेशावर में ड्रोन से हमला किया, जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई.

पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमला

इस हमले में कई लोगों के मौत की खबर है. इस्लामाबाद में भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमले की खबर है. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने एबटाबाद, स्वाबी और नौशेरा में भी हमले की बात कही है लेकिन उसे नाकाम करने का दावा किया है. उधर, अफगान आर्मी ने तोरखम बॉर्डर पर खैबर में पाकिस्तानी सेना के पोस्ट पर हमला किया और उस पर कब्जा कर लिया है.

तोरखम में दोनों देशों की सेनाओं में भीषण संघर्ष हुआ, जिसमें पाकिस्तान के कई सैनिक घायल हुए हैं. अफगान सेना ने एक पाकिस्तानी सैनिक को भी पकड़ा है. तालिबान का दावा है कि उसने पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट को मार गिराया है. सोशल मीडिया पर एक जलते हुए विमान की तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे अफगान मीडिया ने पाकिस्तान का F-16 फाइटर जेट बताया है. हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

आशिक खान चौधरी की मौत की खबर

अफगानिस्तान के एबटाबाद हमले में पाकिस्तान के जनरल आशिक खान चौधरी की मौत की खबर है. जनरल आशिक खान आसिम मुनीर के वरिष्ठ सलाहकार थे. पाकिस्तान के एबटाबाद सैन्य बेस पर अफगानिस्तान ने ड्रोन से हमला किया था. अफगानिस्तान-पाकिस्तान जंग पर रूसी न्यूज एजेंसी तास ने बड़ी खबर दी है. तास के कहा है अफगानिस्तान ने काकुल में पाकिस्तान के परमाणु ठिकाने पर हमला हुआ है. काकुल परमाणु ठिकाना, खैबर पख्तूनख्वा में एबटाबाद के पास स्थित है. TV9 इस हमले की पुष्टि नहीं करता है.

उधर, पाकिस्तान ने भीषण पलटवार का दावा किया है. उसने 133 अफगान तालिबान लड़ाके के मारे जाने की बात कही है. दावा किया है कि तालिबान आर्मी की 27 चौकियां तबाह कर दी गईं और 9 पर कब्जा कर लिया. पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने धमकी दी है कि सब्र की सीमा पार हो चुकी है, अब पाकिस्तान-अफगानिस्तान में सीधी जंग शुरू हो गई है.

काबुल और नंगरहार समेत कई शहरों में हमले

पाकिस्तानी एयरफोर्स ने काबुल, नंगरहार और पक्तिया प्रांत समेत कई शहरों में हमले किए. पक्तिया प्रांत में पाकिस्तान ने अफ़गान तालिबान के एक सैन्य परिसर पर हमला किया, जिसमें वो पूरी तरह से तबाह हो गया. पाकिस्तान सरकार ने अफगानिस्तान पर हमले को ऑपरेशन ‘गजब लिल हक’ नाम दिया है. पाकिस्तानी सेना ने अफ़गान सेना की कई पोस्ट और गाड़ियों पर कब्जे का वीडियो जारी किया है.

इसमें अंगूर अड्डा सेक्टर में अल्फ़ा पोस्ट और स्पिनवाम के सामने की कई पोस्ट शामिल हैं. कब्ज़े वाली पोस्ट पर पाकिस्तानी झंडा फहरा रहा है. शावाल वैली सेक्टर में 7 से 8 तालिबान लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया गया है. अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में भी जोरदार धमाका हुआ है. रात करीब 1 बजकर 50 मिनट पर पूरे शहर में लड़ाकू विमानों की आवाज़ के साथ धमाकों की आवाज़ सुनी गई.

कंधार पर हमलों से गुस्साया तालिबान

इसके बाद कई जगह आग की लपटें दिखाई दी. काबुल में सुबह क़रीब ढाई बजे तक फायरिंग की आवाज सुनी गई. कंधार पर हमलों से गुस्साया तालिबान अब पाकिस्तान से लंबी जंग की तैयारी में जुटा है. उसकी सेना डूरंड लाइन के पास शिफ्ट हो रही है. अफगानिस्तान की इस तैयारी से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है. बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में इमरजेंसी का ऐलान कर दिया गया है.

पाकिस्तान पर हमलों से पहले अफगानिस्तान के तालिबान कमांडर हामिद खोरासानी ने आत्मघाती हमलों की धमकी दी थी. कहा कि अगर पाकिस्तान के पास न्यूक्लियर हथियार और बैलिस्टिक मिसाइलें हैं, तो तालिबान के पास सुसाइड बॉम्बर्स की बटालियन हैं. अफगानिस्तान की सेना ने पक्तिका के बरमल में दो पाकिस्तानी टैंक तबाह करने का दावा किया है. अफगान फोर्स ने कुनार के बिरकोट में पाकिस्तान की कई सैन्य पोस्ट पर भी हमला किया और उन्हें तबाह कर दिया. पोस्ट पर तैनात सभी सैनिकों के मारे जाने की खबर है.

पाकिस्तान ने मध्यस्थता की गुहार लगाई

अफगानिस्तान से हमलों से पस्त पाकिस्तान ने कतर से मध्यस्थता की गुहार लगाई है. पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार ने कतर के पीएम अल थानी से बात की और सीजफायर कराने के लिए गिड़गिड़ाया. 2025 में भी दोनों देशों के बीच संघर्ष के बाद कतर और तुर्किये की मध्यस्थता में सीजफायर हुआ था. पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बढ़ते सैन्य संघर्ष ने पड़ोसी देशों की फिक्र बढ़ा दी है.

चीन, रूस, तुर्की और ईरान जैसे देशों ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से बॉर्डर पर फायरिंग रोकने और बातचीत से मुद्दों को हल करने की अपील की है. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने भी दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है. बता दें कि अफगान तालिबान को TTP और BLA का भी साथ मिला है. ये सभी पाकिस्तानी सेना पर मिलकर हमले कर रहे हैं. BLA के लड़ाके अपने सैन्य वाहनों से अफगानिस्तान के खोस्त की ओर जाते दिखे. यानी अफगानिस्तान पर हमला करके पाकिस्तान तीन फ्रंट से घिर गया है.

रिपोर्ट टीवी9 भारतवर्ष

पेशावर से काबुल तक ताबड़तोड़ धमाके… डूरंड लाइन पर महासंग्राम! इस्लामाबाद में खलबली


देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,

#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button