खबर शहर , खाद की कालाबाजारी रोकने की मजबूत रणनीति: हर समिति पर नोडल अधिकारी और पुलिस तैनात; शिकायत के लिए नंबर हुआ जारी – INA

जिले में खाद वितरण में कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। अब समिति सचिव मनमानी नहीं कर सकेंगे। किसानों की सहायता के लिए एक कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी किया गया है।
जिले की 100 सहकारी समितियों में से 96 सक्रिय हैं। सहकारिता विभाग उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है। इसके बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है। किसान निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री की शिकायतें कर रहे हैं। वितरण में अनियमितता और खाद न मिलने की शिकायतें भी आम हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने कदम उठाए हैं।
प्रत्येक समिति पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनमें ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम विकास अधिकारी और अन्य विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी शामिल हैं। नोडल अधिकारी खाद वितरण के समय हर समिति पर मौजूद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी तैनात रहेगी। सहकारिता एआर सतीश कुमार ने बताया कि नोडल अधिकारी जिम्मेदार होंगे। अनियमितता या लापरवाही होने पर उन पर कार्रवाई होगी। पुलिस आयुक्त को भी पुलिसकर्मी तैनात करने के लिए पत्र लिखा गया है।
सहकारिता एआर ने बताया कि सहकारी समिति कुकथला और अभैंदोपुरा के सचिव निलंबित हैं। इस कारण 4 अक्तूवर से खाद बिक्री नहीं हो सकी है। किसानों के हित में नए सचिव की तैनाती तक अछनेरा इफको बाजार से उर्वरक वितरण की व्यवस्था की गई है। किसानों की सहायता और शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर 8881508310 जारी हुआ है। इस पर सुबह 9 से शाम 6 बजे तक शिकायतें दर्ज होंगी।