खबर शहर , मिलावट: नवरात्र में पूजा के नाम पर नकली घी का कारोबार, ऐसे किया जा रहा तैयार; 5.20 लाख का माल सीज – INA

नवरात्र में पूजा के लिए बनाए जा रहे नकली घी की जांच के लिए लखनऊ मुख्यालय की टीम ने जगनेर स्थित डीएस कंपनी पर छापा मारा। यहां पर पूजा में उपयोग होने वाला घी तैयार हो रहा था। उसे सीज करते हुए जांच के लिए नौ नमूने लिए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर प्रदेशभर में पूजा के लिए घी बनाने वालों की जांच की जा रही है। लखनऊ मुख्यालय की टीम ने रविवार को जगनेर स्थित डीएस कंपनी पर छापा मारा। मौके पर संचालक दाऊद मिले।
जांच में पता चला कि वनस्पति तेल, पाम ऑयल, रिफाइंड में एसेंस मिलाकर पूजा के लिए नकली घी बनाया जा रहा था। टीम ने तैयार माल और कच्चा माल सीज कर दिया है। इसकी कीमत 5.20 लाख रुपये है।
जांच के लिए नमूने लैब भेज दिए गए। सहायक आयुक्त एसएस हैदर आबिदी ने बताया कि लखनऊ से गठित टीम ने कार्रवाई की है। इसमें कई जिलों के अधिकारी शामिल रहे। टीम रिपोर्ट बनाकर ले गई है।