खबर शहर , यूपी: स्नातक-शिक्षक चुनाव में भाजपा की रणनीति, जीत के लिए तैयार पन्ना प्रमुख; विरोधियों के ऐसे देंगे चकमा – INA

भारतीय जनता पार्टी ने आगरा खंड स्नातक और शिक्षक चुनाव की तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एत्मादपुर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं।
एत्मादपुर विधानसभा के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के कैंप कार्यालय पर भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में संयोजकों, सह-संयोजकों, मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न हुई। बैठक में महानगर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने पन्ना प्रमुखों को अपने-अपने पन्नों के मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क साधने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का घर-घर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
वहीं दूसरी ओर, जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर दक्षिण विधानसभा की चुनाव समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कार्यकर्ताओं में चुनावी उत्साह भरा। उन्होंने संगठन की मजबूती और बूथ स्तर के प्रबंधन पर जोर दिया। इन बैठकों में स्नातक प्रत्याशी मानवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, यादवेंद्र प्रताप सिंह, बीना लवानिया, महेश शर्मा, ओम प्रताप सिंह, हेमंत भोजवानी, प्रकाश केसवानी, मनवीर चौहान, श्याम सिंह चाहर व अन्य मौजूद रहे।