खबर शहर , Agra News: आगरा मंडल के शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर शिक्षा निदेशक सख्त – INA

बिचपुरी। आगरा मंडल के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं के निस्तारण के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडल के चारों जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।
राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश आगरा मंडल के मंडलीय मंत्री चंद्रवीर सिंह ने 13 अगस्त को संयुक्त शिक्षा निदेशक को मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर तीन दिन में कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, कई माह बाद भी अनेक प्रकरण लंबित हैं। संघ ने सातवें वेतन आयोग का लंबित एरियर दिलाने की मांग की है। मिढ़ाकुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज की शिक्षिका हर्षा राठौर के प्रकरण में पटल कर्मियों की जांच और कार्रवाई की भी मांग की गई है।
शिक्षकों के सेवा संबंधी अभिलेख और पिछले वर्षों के उपार्जित अवकाश का मानव संपदा पोर्टल पर रिकॉर्ड अपडेट करने की मांग की गई है। ग्रीष्मावकाश में जनगणना, बोर्ड परीक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को नियमानुसार उपार्जित अवकाश मिलना चाहिए। नवनियुक्त शिक्षकों के चयन वेतनमान और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली-स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा गया है।