खबर शहर , Agra News: आभूषण देखने के बहाने सराफ की दुकान से दो लाख के कुंडल चोरी – INA

पिनाहट। कस्बे में ग्रामीण बैंक के सामने स्थित सराफ की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवक दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने के चार जोड़ी कुंडल चोरी कर ले गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
कस्बा निवासी सोनू पुत्र पूरन सिंह की ग्रामीण बैंक के सामने सराफ की दुकान है। सोमवार दोपहर सोनू किसी काम से घर गए थे। दुकान पर उनके पिता पूरन सिंह बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। दोनों ने आभूषण खरीदने की बात कहते हुए कई सामान दिखाने को कहा। आभूषण देखने के दौरान दोनों युवकों ने मौका पाकर सोने के चार जोड़ी कुंडल पार कर दिए। इसके बाद दोनों बाइक से भाग गए। कुछ देर बाद आभूषणों की गिनती करने पर चोरी का पता चला। दुकानदार ने आसपास तलाश करने के बाद मंगलवार को पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए कुंडलों की कीमत करीब दो लाख रुपये है। सूचना पर पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।