खबर शहर , Agra News: जिलाधिकारी दिवस पर प्रधान संघ अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन, विधवा पेंशन के कई मामले हैं लंबित – INA

पिनाहट। क्षेत्र में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक समय से न पहुंचने का मामला सामने आया है। वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन के कई मामले महीनों से लंबित हैं। स्थिति यह है कि कुछ पेंशनधारकों के खातों में छह माह से अधिक समय से पेंशन नहीं पहुंची है, तो कुछ लाभार्थी एक साल से इसका इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के आवेदन भी ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर धूल फांक रहे हैं।


मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जिलाधिकारी दिवस के दौरान ग्राम पंचायत विप्रावली के ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ पिनाहट के अध्यक्ष ठाकुर देवानंद परिहार ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों के निस्तारण की पुरजोर मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि जिला समाज कल्याण विभाग, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और जिला प्रोबेशन विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ पात्रों को समय पर नहीं मिल पा रहा है। प्रधान संघ अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित विभागों की एक संयुक्त समिति गठित कराकर सभी लंबित आवेदनों और रुकी हुई पेंशन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिलाते हुए की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री समेत संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है।

इंसेट

चक्कर काटने को मजबूर हैं वृद्ध, दिव्यांग

प्रधान संघ अध्यक्ष ने बताया ग्राम पंचायतों के भ्रमण और ग्रामसभा की बैठकों के दौरान सबसे अधिक शिकायतें इन्हीं विभागों से संबंधित मिल रही हैं। वृद्ध, दिव्यांग, निराश्रित महिलाएं और अन्य जरूरतमंद लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक और तहसील कार्यालयों के चक्कर काटने को विवश हैं। शासन की ओर से पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ देने के कड़े निर्देश होने के बावजूद मैदानी स्तर पर स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button