यूपी – यूपी: मोनू की तलाश में एसओजी का डेरा, साथी को उठाया…पूछताछ जारी, दो-दो लाख का था लालच, अधिवक्ता हत्याकांड – INA

कानपुर में कालपी के अधिवक्ता गयादीन हत्याकांड में फरार सुपारी किलर मोनू यादव की तलाश में कालपी पुलिस की एसओजी टीम ने गुजैनी में डेरा जमाया हुआ है। मंगलवार को वरुण विहार बस्ती से उसके एक साथी को पुलिस ने उठाकर पूछताछ शुरू की। सामने आया कि हत्यारोपी मोनू पर सिर्फ गुजैनी थाने में गैर इरादतन हत्या समेत चार मामले दर्ज हैं।
इसके अतिरिक्त गांजा तस्करी के मामले में हरियाणा, छत्तीसगढ़, यूपी के मथुरा में मुकदमे हैं। आरोपी यहां वरुण विहार बस्ती में किराए के मकान में पत्नी राधिका, पिता अजय, मां रानी देवी के साथ रहता है। पता चला आरोपी मोनू घटनाओं को अंजाम देने के बाद गुजरात के अहमदाबाद में रहने वाले अपने एक मित्र को फोन करता है। जो फरारी के दौरान उसके रुकने-ठहरने की व्यवस्था करता है।