खबर शहर , Agra News: पीएनसी ने 456 करोड़ में बनाया था दक्षिणी बाईपास, दो साल में हो गए गड्ढे – INA

आगरा। पीएनसी इंफ्राटेक के घटिया निर्माण का गवाह न्यू दक्षिणी बाईपास भी है। 456 करोड़ रुपये की लागत से बने बाईपास पर चंद साल में ही भ्रष्टाचार के गड्ढे नजर आने लगे थे। हालत यह रही कि इसके घटिया निर्माण पर खुद भाजपा सांसद राजकुमार चाहर, एमएलसी विजय शिवहरे व अन्य ने आवाज उठाई। केंद्र सरकार ने मरम्मत के लिए 125 करोड़ रुपये और स्वीकृत किए। अब भी दक्षिणी बाईपास की हालत नहीं सुधरी है।

पीएनसी इंफ्राटेक ने 32.8 किमी लंबा चार लेन न्यू दक्षिणी बाईपास का निर्माण जून, 2011 में शुरू किया। यह रैपुरा जाट से ग्वालियर रोड (एनएच-44) तक है। 456.5 करोड़ रुपये की लागत से दिसंबर 2016 में तैयार हो गया। इस पर यातायात शुरू होने के एक-दो साल में ही हालत खराब होने लगी। गड्ढे होने के साथ ही डामर उखड़ने लगी थी। 7-8 साल में बाईपास की हालत जर्जर हो गई।

इस पर फतेहपुर सीकरी के भाजपा सांसद राजकुमार चाहर, विधायक पक्षालिका सिंह, एमएलसी विजय शिवहरे और जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने इसकी खराब गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इन्होंने बाकायदा संजय प्लेस में प्रेसवार्ता कर इसकी घटिया कार्य की जानकारी दी। इन्होंने कहा कि कि बाईपास की जर्जर हालत को देखते हुए पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 125 करोड़ रुपये और मंजूर कराए। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि मरम्मत होने के बाद भी दक्षिणी बाईपास की अभी भी हालत खराब है।

मथुरा-बरेली एक्सप्रेसवे का 66 किमी भी किया है निर्माण

228 किमी लंबा मथुरा-बरेली फोर लेन ग्रीन एक्सप्रेसवे का निर्माण चल रहा है। इसका बजट 7700 करोड़ रुपये है। इसका निर्माण चार हिस्सों में हो रहा है। पहला फेज मथुरा से देवीनगर हाथरस तक 66 किमी की सड़क पीएनसी इंफ्राटेक ने हाल ही में बनाई है। दूसरा फेज देवीनगर से कासगंज तक ( 58 किमी) का 70 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। तीसरे फेज में कासगंज से बदायूं तक 56 किमी का है, ये 40 फीसदी बन गया है। इन दोनों फेज का निर्माण जीआर इंफ्राटेक गुरुग्राम कर रही है। अंतिम फेज बदायूं से बरेली तक 38.5 किमी का है, इसका 35 फीसदी कार्य हो गया है। इसको धारीवाल वेलटेक गुरुग्राम बना रही है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button