खबर शहर , Agra News: रात 11 बजे तक खुलेंगे बाजार – INA

आगरा। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के बीच व्यापारियों को राहत देते हुए बाजार रात 11 बजे तक खोले जा सकेंगे। यह फैसला मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में हुई जिलास्तरीय वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। ग्वालियर हाईवे स्थित नगला माकरोल गांव की सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या का मामला सामने आया। जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी की ओर से किए गए सर्वे की रिपोर्ट तलब करते हुए जलनिकासी की समुचित और स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में पुरानी मंडी से विक्टोरिया मार्ग पर लगने वाले जाम और डिवाइडरों को छोटा करने के प्रकरण पर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि नमामि गंगे योजना के तहत इस मार्ग पर राइजिंग मेन और ट्रेंचलेस ग्रेविटी सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होते ही सड़क की पुनर्स्थापना और मरम्मत कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने विभागों को आपसी समन्वय से यातायात सुचारु रखने और मौके पर गति सीमा संबंधी संकेतक (स्पीड लिमिट साइन बोर्ड) लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा और सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं वाणिज्य बंधु समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

दाराशिकोह पुस्तकालय में बनेगा नया बाजार

बैठक में बताया किया कि न्यू मार्केट, जीवनी मंडी स्थित जर्जर दाराशिकोह पुस्तकालय परिसर की दुकानों को ध्वस्त कर सुभाष बाजार के दुकानदारों को वहां स्थापित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस कार्ययोजना को जल्द . बढ़ाने और नाले के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए।


Credit By Amar Ujala

Back to top button