ख़बर – युवती पर जानलेवा हमला कर मोबाइल व गहने लूटने के तीन आरोपी गिरफ्तार- INA

उदयपुर। उदयपुर जिले के सायला थाना इलाके में गायफल गांव की माइंस के पास एक युवती पर जानलेवा हमला कर मोबाइल व गहने लूट कर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन आरोपियों कैलाश पुत्र रोड़ा राम (25) व सुरेश पुत्र दुदाराम (20) निवासी गांव रोयडा थाना सायरा एवं ललित पुत्र प्रभु (24) निवासी बालावेरा विसमा थाना सायरा को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि शनिवार को गायफल गांव की माइंस के पास एक युवती के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलने पर एसएचओ प्रवीण जुगतावत तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां एक युवती खून से लथपथ बेसुध हालत में थी, उसका एक पैर पत्थर से कुचलकर तोड़ा हुआ था। जिसे तुरंत पुलिस वाहन से पीएचसी सायरा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एमबीजी हॉस्पिटल उदयपुर रैफर करने पर पुलिस टीम के साथ उदयपुर रवाना किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गोयल द्वारा एसएचओ प्रवीण जुगतावत के नेतृत्व में घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। मौके पर एफएसएल व डॉग स्क्वायड टीम को बुला साक्ष्य जुटाए गये। घायल युवती की पहचान के बाद आसूचना संकलन व साइबर सेल की सहायता से आरोपियों के बारे में पता लगा पुलिस ने सन्दिग्ध कैलाश, ललित एवं सुरेश को डिटेन कर लिया।
पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की तो आरोपियों ने घटना करना स्वीकार कर लिया। इस पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की टीम इनसे अन्य घटनाओं एवं साथियों के संबंध में गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।
ये भी पढ़ें – अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे









