ख़बर – 20 लाख की नकबजनी की घटना का पर्दाफाश, चोरी गए जेवरात सहित एक आरोपी गिरफ्तार- INA

अलवर। अलवर जिले में थाना वैशाली नगर क्षेत्र में करीब डेढ़ महीने पहले एक घर में रात के समय हुई 20 लाख रुपए की नकबजनी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी जुबेर खान पुत्र भट्टू खान मेव (28) निवासी मन्नाका थाना वैशाली नगर को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है।
एसपी संजीव नैन ने बताया कि 25 अगस्त को थाना वैशाली नगर में परिवादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात के समय मैं अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। सुबह देखा तो पता चला कि उसके कमरे में रखी आलमारी से अज्ञात चोर 1,71,400 रुपये नगद एवं सोने चांदी के जेवरात, एक मोबाइल व जरूरी कागज चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
एसएचओ वैशाली नगर सीताराम सैनी के नेतृत्व में गठित की गई टीम द्वारा नकबजनी की इस घटना का खुलासा करते हुए एक नाबालिग को डिटेन व आरोपी जुबेर खान को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने की अंगूठी एवं दो शुद्ध सोने के अलग-अलग टुकड़े जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
एसपी नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुने मकानों में रात के समय चोरी की वारदात कर जेवरात व नकदी चुरा लेते हैं। चोरी के जेवरातों को गोल्ड लोन कंपनियों में जमा कर गोल्ड लोन प्राप्त कर लेते हैं। बाद में लोन चुकता कर इन जेवरातों को खुद का बता सुनारों को बेच देते।
आरोपी की गिरफ्तारी में एसएचओ सीताराम सैनी, एएसआई शिवलाल, हैड कांस्टेबल मुकेश, कॉन्स्टेबल रिजवान, पुष्पेंद्र, शेखर व कांस्टेबल चालक रोहिताश शामिल थे। घटना के खुलासे में कांस्टेबल रिजवान की विशेष भूमिका रही।
ये भी पढ़ें – अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे









