यूपी – बरेली में हादसा: गंगाजल लेने जा रहे कांवड़िया की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम – INA

बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर मानपुर निवासी 36 वर्षीय पंकज की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गांव के करीब 30 साथियों के संग गंगाजल लेने बाइक से कछला जा रहे थे। भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। हादसा डिवाइडर से बाइक टकराने से हुआ या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, यह अभी तक की जांच में स्पष्ट नहीं हो सका है।
पंकज के भाई कुंवरपाल ने बताया कि रविवार शाम गांव से जत्था गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ था। सभी लोग बाइक से कछला जा रहे थे। सरदार नगर पुल के पास पहुंचने पर पंकज की बाइक हादसे का शिकार हो गई। परिवार के लोगों के मुताबिक, आशंका है कि बाइक डिवाइडर से टकराई या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए।