बरेली के इज्जतनगर इलाके के मिनी बाइपास स्थित नवोदय अस्पताल की चौथी मंजिल पर शनिवार तड़के आग लग गई, जिससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि उस वक्त वहां कोई मरीज नहीं था। हालांकि नीचे के तलों पर भर्ती सभी मरीजों को आननफानन बाहर निकाल दिया गया। एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
शनिवार को अस्पताल की चौथी मंजिल पर लोगों ने धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें नजर आने लगीं। आग की खबर फैलते ही अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार घबरा गए। आग लगने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की।
यह भी पढ़ें- सफर निशुल्क, दुश्वारियां मुफ्त: रक्षाबंधन पर बहनों को करना पड़ा रोडवेज बसों का इंतजार, भीड़ में हुईं बेहाल
कर्मचारियों ने अलग-अलग वार्डों में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गंभीर मरीजों को बाहर निकालने में भी अस्पताल स्टाफ जुटा रहा। मरीजों और तीमारदारों के एक साथ बाहर आने से अस्पताल परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई। कुछ समय तक मौके पर भगदड़ जैसे हालात नजर आए, हालांकि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।