यूपी- ये सरकार कायर और डरपोक है, ऐसा कौन सा सच छिपा रही है, संभल जाने से रोकने पर भड़की SP – INA

उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा को लेकर राजनीति चरम पर है. विपक्ष लगातार इस मामले को लेकर सूबे की योगी सरकार पर हमलावर है. इस बीच समाजवादी पार्टी के सांसदों को संभल जाने से दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर ही रोक दिया गया और उन्हें वापस दिल्ली भेज दिया गया. इस बात को लेकर पार्टी ने नाराजगी जाहिर की है. घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर सरकार ऐसा क्या छिपाना चाहती है. ऐसा कौन सा सच है जिसके बाहर आ जाने का सरकार को डर है.

राजीव राय ने कहा कि ये सरकार कायर और डरपोक है ,जो दंगा फैलाती है नफरत फैलाती है, इसके अलावा उनके पास करने को कुछ नहीं. उन्होंने कहा कि सदन चल रहा है इतना बड़ा हादसा हो गया सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर संज्ञान लेकर सरकार को उसकी जगह दिखाई. उन्होंने कहा कि हम चुने हुए सांसद हैं ग्राउंड जीरो पर जाना चाहते हैं, लेकिन सरकार ने रोक दिया.

‘जब तक ऐसे अधिकारी हैं माहौल खराब होगा’

राय ने सवाल किया कि आखिर ऐसी क्या वजह है, जो सरकार हम लोगों को वहां जाने से रोक रही है. उन्होंने कहा कि आपके ऊपर आरोप लगाए तो आप तथ्य को सामने लाएं देश को फैसला करने दीजिए. उन्होंने कहा कि जिसके मन में चोर होता है और जो जो सरकार डरती है वही सच को छिपाने का प्रयास करती है. वहीं मुरादाबाद कमिश्नर के आदेश पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे अधिकारी हैं माहौल खराब होगा. वो जहां भी रहेंगे वहां का ऐसा ही हाल होगा. ऐसे ही लोग माहौल को खराब करने के लिए जिम्मेदार हैं.

‘all party delegation को संभल जाना चाहिए’

वहीं कांग्रेस पार्टी के सांसदों के संभल नहीं जाने को लेकर उन्होंने कहा कि हम तो यह भी उम्मीद कर रहे थे कि जो सदन में संभल के लिए रोज आवाज उठा रहे थे वो वहां जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ उन्होंने कहा कि उनके लिए दूसरा मुद्दा महत्वपूर्ण था. राय ने कहा कि वो चाहते हैं कि all party delegation को संभल जाना चाहिए.

‘प्लानिंग के तहत सर्वे पर याचिकाएं डाली जा रहीं’

इसके आगे लगातार सर्वे को लेकर याचिका दाखिल होने के सवाल पर राजीव राय ने कहा कि यह लगातार देश का माहौल खराब करने के लिए सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मोहन भागवत ने भी कहा था कि हर मस्जिद के नीचे मंदिर मत खोजो, लेकिन ये लोग पूरी प्लानिंग के तहत काम करते हैं. एक कुछ बोलता है और दूसरा कुछ और करवाता है. वहीं प्रधानमंत्री जी जिसकी निंदा करते हैं कभी माफ नहीं करेंगे उनको मंत्री बनाते हैं, यही इन लोगों का चरित्र है. सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी देश के हर पीड़ित हर गरीब के साथ है. उनको न्याय दिलाने के लिए पार्टी को जो कुछ भी करना पड़े वो करेगी.


Source link

Back to top button