यूपी – Kanpur Dehat: सिठमरा बाजार में छात्र की गार्दन रेतकर हत्या, गांव में तैनात की गई पीएसी – INA

कानपुर देहात में रूरा थाना क्षेत्र के सिठमरा में शनिवार देर शाम एक छात्र की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद तनाव को देखते हुए गांव व जिला अस्पताल में कई थानों की फोर्स के साथ पीएसी तैनाती की गई। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गांव पहुंच घटना की जानकारी ली। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

सिठमरा निवासी अनिल चक्रवर्ती का बेटा आर्यन (10) शनिवार शाम को बच्चों के साथ खेल रहा था। शाम छह बजे के करीब वह चौकी से कुछ दूर स्थित बीच बाजार खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, उसकी गर्दन किसी धारदार हथियार से रेती गई थी। जानकारी पर पहुंचे चाचा अनुराग व अन्य परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बीच बाजार छात्र की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही घटना स्थल से लेकर जिला अस्पताल तक लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पिता अनिल, मां किरन बिलखते रहे। पिता व मां ने गांव के दूसरे वर्ग व कुछ अन्य लोगों पर वारदात को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थानों का फोर्स तैनात किया गया।


इधर जिला अस्पताल में सीओ प्रिया सिंह व अकबरपुर थाना प्रभारी सतीश सिंह के साथ भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात की गई। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, जिलाधिकारी आलोक सिंह भी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। मृतक के पिता अनिल ने पुलिस को बताया कि बेटा गांव के एक स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था। उसने पुलिस को बताया कि बकरी पालन व मटन की दुकान कर परिवार का भरण पोषण करता था। आर्यन सबसे छोटा था।

 


चौकी के पास हो गई वारदात नहीं हो सकी जानकारी
सिठमरा में जिस जगह आर्यन खून से लथपथ मिला वहां से पुलिस चौकी चंद कदम दूर है। वारदात को कौन अंजाम दे गया। यह देर रात तक पता नहीं चल सका। इधर परिवार के लोग भी कहीं दूसरे वर्ग तो कभी किसी अन्य पर वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताते रहे। पुलिस ने परिवार के लोगोंं द्वारा जताए गए शक के आधार पर दूसरे वर्ग की तीन लोगों के साथ छह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

 


बच्चों के बीच विवाद होने की रही चर्चा
पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने परिवार के साथ पड़ोस व बाजार के दुकानदारों से भी जानकारी ली। आर्यन के साथ खेल रहे एक बच्चे व कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि एक वर्ग के बच्चों के साथ आर्यन खेल रहा था। इस दौरान शाम को पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वारदात को अंजाम दे दिया गया, हालांकि वारदात किसने की यह कोई स्पष्ट नहीं कर सका। पुलिस लोगों से पूछताछ में निकले तथ्यों पर जांच कर रही है।

घटना को लेकर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिवार के लोगों ने जिन लोगों पर वारदात को अंजाम दिए जाने पर शक जताया है। उनमें से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने व पूरे मामले की गहनता से जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। – बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी


Credit By Amar Ujala

Back to top button